MP Weather Update : एमपी के 10 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, बैतूल में बरसे बादल, फसल पर संकट
MP Weather Update: Possibility of rain with thunder and lightning in 10 districts of MP, clouds rained in Betul, crisis on crops
MP Weather Update : ऊपरी हवा का चक्रवातीय परिसंचरण दक्षिण अंडमान सागर और आस-पास के दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर स्थित है। अगले 24 घंटे के दौरान एमपी के सिहोर, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगौन, बड़वानी, इंदौर, देवास, शाजापुर जिलों गरज- चमक के साथ बारिश की संभावना बनी है। बैतूल में शनिवार दोपहर हो हल्की बारिश हुई है।
बैतूल जिले में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदल गया है। नया मौसम तंत्र सक्रिय होने के कारण अगले 24 घंटे के भीतर गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार यह प्रणाली मध्य प्रदेश के दक्षिणी भागों पर प्रभाव डाल रही है, जिसके चलते बैतूल सहित आसपास के जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। जिला मुख्यालय पर शनिवार दोपहर को हल्की बारिश हुई है। शुक्रवार शाम को जिले के प्रभात पट्टन ब्लॉक में झमाझम बारिश हुई, जिससे खेतों में कटी पड़ी सोयाबीन की फसल भीग गई।
किसानों के लिए यह बारिश राहत से ज्यादा चिंता लेकर आई है। इस समय जिले में खरीफ फसलों की कटाई का कार्य जोरों पर है। कई किसानों ने अपनी सोयाबीन की फसल काटकर खेतों में सुखाने के लिए रखी हुई थी। अचानक हुई बारिश से फसल गीली हो गई, जिससे दानों के अंकुरित होने और गुणवत्ता पर असर पड़ने की आशंका है। यदि अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह बरसात वाला रहा, तो फसल को नुकसान हो सकता है।
मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अगले दो से तीन दिनों तक जिले में बादल छाए रहेंगे और बीच-बीच में बारिश हो सकती है। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक की स्थिति भी बनी रह सकती है। विभाग ने किसानों को सलाह दी है कि वे अपनी कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थान पर रखें और जिन खेतों में कटाई शेष है, वहां जल्द कटाई कर फसल को बचाने का प्रयास करें।



