Karate Winning Player : अंतरराष्ट्रीय कराते में चमकी बैतूल की बेटी, जीता सिल्वर मेडल, बैतूल पहुंचने पर खिलाड़ी कल्याणी कोड़ेपे का स्टेशन पर भव्य स्वागत
Karate Winning Player: Betul's daughter shines in international Karate, wins silver medal, player Kalyani Kodepe gets grand welcome at the station on reaching Betul
Karate Winning Player : बैतूल की बेटी और मध्यप्रदेश कराटे अकादमी की प्रतिभाशाली खिलाड़ी कल्याणी कोरपे ने एक बार फिर जिले का नाम अंतरराष्ट्रीय पटल पर रोशन किया है। थाईलैंड में आयोजित थाईलैंड ओपन इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप और साउथ एशियन कराटे चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीतकर कल्याणी ने भारत ही नहीं, बल्कि बैतूल की माटी का मान बढ़ाया है।शुक्रवार को वंदे भारत एक्सप्रेस से जैसे ही कल्याणी बैतूल रेलवे स्टेशन पहुंचीं, वहां पहले से मौजूद खेलप्रेमियों, परिजनों और शुभचिंतकों ने ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका ऐतिहासिक स्वागत किया। पूरा स्टेशन जयघोष और तालियों से गूंज उठा।खास बात यह रही कि इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री दुर्गादास उइके और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमन्त खंडेलवाल ने भी कल्याणी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कड़ी मेहनत और अनुशासन का नतीजा
पत्रकारों से चर्चा के दौरान कल्याणी ने बताया कि यह सफलता यूं ही नहीं मिली। इसके लिए उन्होंने दिन में तीन बार अभ्यास किया। उनका कहना था कि ‘खेलों में सफलता के लिए अनुशासन, समर्पण और लगातार अभ्यास जरूरी है।’ उन्होंने युवाओं से भी खेलों में भागीदारी बढ़ाने की अपील की।
देश के कई प्रतिभागियों को दी टक्कर
थाईलैंड में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में कल्याणी ने नेपाल, थाईलैंड, मलेशिया, हांगकांग और श्रीलंका जैसे देशों के खिलाडिय़ों से मुकाबला किया और शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
बैतूल को उम्मीद की नई किरण
कल्याणी कोड़ेपे की यह उपलब्धि केवल एक व्यक्तिगत विजय नहीं, बल्कि यह बैतूल जैसे छोटे जिले के लिए गर्व और प्रेरणा की बात है। उन्होंने यह दिखा दिया कि अगर जज्बा हो, तो छोटे शहरों की बेटियां भी अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा फहरा सकती हैं।



