Betul Kidnaping Video : बैतूल में ज्वेलर्स व्यापारी का अपहरण, 10 लाख की फिरौती मांगी, देखें वीडियो…

पुलिस ने 6 घंटे में पकड़े चारों आरोपी, 65 हजार और कार जब्त

Betul Kidnaping Video : गंज थाना क्षेत्र रामनगर निवासी ज्वेलर्स व्यापारी का अज्ञात बदमाशों ने अपहरण कर लिया। आरोपी व्यापारी को छोडऩे के लिए 10 लाख की फिरौती मांग रहे थे। पुलिस की मुस्तैदी के कारण 6 घंटे के भीतर अपहृत व्यापारी को रेस्क्यू कर लिया है। पुलिस ने व्यापारी का अपहरण करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रुपयों का लेन-देन के कारण व्यापारी का अपहरण करने की जानकारी सामने आई है। बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित पत्रकारवार्ता में पुलिस ने खुलासा किया कि रामनगर निवासी फरियादी रोशनी सोनी उम्र 20 वर्ष ने 22 अक्टूबर की रात्रि 9 बजे  गंज थाने में शिकायत दर्ज कराई कि रामनगर क्षेत्र के दुर्गा चौक पर उनकी सोना-चांदी की दुकान है। दुकान पर पति कृष्णा सोनी बैठे थे।

22 अक्टूबर को दिन दहाड़े अज्ञात चार व्यक्ति सफेद रंक की कार से आए और उन्होंने सोना-चांदी गिरवी रखने के बहाने से कृष्णा सोनी को कार में बैठाकर ले गए। काफी देर तक पति घर नहीं लौटे। अपहरणकर्ताओं द्वारा 10 लाख रुपए की फिरौती मांगी जा रही थे। घबराए परिजनों ने दुकान के फोन नंबर से 15 हजार और रिश्तेदारों के पास से 50 हजार रुपए आरोपियों के खाते में फोन पे के माध्यम से ट्रांसफर किए गए। राशि डालने के बाद भी आरोपी कृष्णा को छोडऩे के लिए तैयार नहीं थे। पुलिस ने शिकायत के बाद मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस ने विभिन्न तकनीकी संसाधनों के माध्यम से आरोपियों की तलाश शुरु कर दी। पुलिस अधीक्षक निश्चल झारिया के निर्देश और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम गठित की गई। इस टीम ने आरोपियों की तलाश करना शुरु कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज और लोकेशन के आधार पर पकड़ाएं आरोपी ( Betul Kidnaping Video )

पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे, बैंक खाते सहित अन्य संसाधनों के माध्यम से आरोपियों की तलाश करना शुरु किया। पुलिस को मोबाइल की लोकेशन के आधार पर जानकारी मिली कि आरोपी कृष्णा को अपहरण कर उसे महाराष्ट्र लेकर गए है। पुलिस ने महाराष्ट्र पहुंचकर अपहृत ज्वेलर्स व्यापारी को नागपुर महाराष्ट्र से सकुशल रेस्क्यू कर लिया गया। अपहरण करने वाले आरोपी सिस्टर कॉलोनी थाना रामनगर जिला चंद्रपुर महाराष्ट्र निवासी मंजेद पिता रियाजुद्दीन खान (26), जमीर पिता जबीरुल्लाह (30), वरूण पिता पुरुषोत्तम बेट्टी (20) और प्रतीक पिता श्रीवास नलल्ला (26) को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से एक सफेद कलर की कार जब्त की है और फिरौती के 65 हजार रुपए बैंक खाते में फ्रीज कर दिए है।

एक-दूसरे के परिचित थे आरोपी और व्यापारी

पुलिस के मुताबिक आरोपी मंजेद खान और अपहृत ज्वेलर्स व्यापारी कृष्णा सोनी एक-दूसरे से परिचित थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने चंद्रपुर महाराष्ट्र में सोने-चांदी के जेवर बनाने का काम साथ में किया है। तब से आरोपी जानता था कि कृष्णा बैतूल में सोने-चांदी का व्यवसाय कर रहा है। मंजेद खान ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर ज्वेलर्स व्यापारी को अपहरण कर लिया। बताया जा रहा है कि अभी प्रथम दृष्टया यह जानकारी सामने आई है कि आरोपी और ज्वेलर्स व्यापारी का कुछ लेन-देन भी बकाया था, जिसके कारण आरोपियों द्वारा अपहरण जैसा कदम उठाया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि जांच के बाद में ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।

 

Also Read: MP News : रीवा के बाद इस जिले में बनेगा शानदार एयरपोर्ट, मिलेगी आधुनिक सुविधाएं, केंद्र सरकार ने दी मंजूरी

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button