एक दर्जन पुलिसकर्मियों के घरों को चोरों ने बनाया निशाना: ताले तोड़कर नगदी सहित सामन चोरी
मध्यप्रदेश के हरदा में चोरों ने 13 पुलिस अफसरों के घरों को निशाना बनाया। चोरों ने पुलिसवालों के सरकारी मकानों के ताले तोड़े और फिर नकदी-जेवर चुराकर फरार हो गए। खास बात ये है कि चोरों ने वारदात के लिए 26 जनवरी का दिन चुना था।
हरदा में नई और पुरानी पुलिस लाइन में क्षिप्रा ब्लॉक के 4, ताप्ती के 3, बेतवा और सिंध के 1-1 क्वार्टर के चोरों ने ताले तोड़े। वहीं सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आने वाली पुरानी पुलिस लाइन के नर्मदा भवन में रहने वाले अजाक्स डीएसपी के क्वार्टर और अन्य तीन पुलिस वालों के घरों में भी चोरी की वारदात हुई है। सूचना के बाद सिविल लाइन व सिटी कोतवाली पुलिस जांच में जुट गई है।
एसपी बोले- बाहरी गैंग के होने की आशंका
एसपी मनीष कुमार अग्रवाल ने बताया कि करीब 13 क्वार्टर के ताले टूटे है। वहीं दो से तीन क्वार्टर में नकदी व गहनों को चोर चुरा कर ले गए है और बाकी क्वाटर्स में से छोटे मोटे सामान की चोरी हुई है। उन्होंने कहा कि चोरी की इस वारदात में किसी बाहरी गैंग के होने की आशंका लग रही है। महिला थाने में पदस्थ आरक्षक रवीश काम्बले के घर से उनकी पत्नी के जेवरात व नकदी, महिला आरक्षक पूर्णिमा के घर से भी उनके गहने चोर चुरा ले गए है। शेष अन्य लोगों के घरों में हुई चोरी को लेकर जांच जारी है।
FSL और डॉग स्क्वायड ने की जांच
FSL और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा। जांच के दौरान डॉग पास के ही गांव पिड़गांव के एक खेत में जाकर रुक गया है। उधर एफएसएल की टीम को डीएसपी सिसोदिया के क्वार्टर में शराब की खाली बोतलें भी मिली है। इस मामले में सबसे बड़ी बात यह सामने आई है कि अजाक्स के डीएसपी के आजू बाजू में महिला थाना व सिविल लाइन थाना टीआई के सरकारी आवास है। पुलिस लाइन को किसी भी जिले में सबसे सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है। क्योंकि पुलिस के सिपाही से लेकर बड़े अधिकारी तक वहां रहते हैं। पूरे जिले की पुलिस का संचालन भी पुलिस लाइन से ही होता है।
26 जनवरी की रात को चुना
पुलिसवालों के सरकारी क्वार्टर में चोरी करने वालों की संख्या एक से अधिक होगी। इसी के चलते उन्होंने 26 जनवरी के दिन को चुना। ऐसी चर्चा है कि चोरों ने अनुमान लगाया होगा कि 26 जनवरी के कार्यक्रम में शामिल होने के बाद पुलिसवाले अपने घर परिवार वालों से मिलने अपने गांव जाएंगे। इसके चलते क्वार्टर सुने रहेंगे। इस दौरान चोरी की वारदात करना आसान रहेगी।
News source-
https://www.bhaskar.com/local/mp/harda/news/locks-of-total-13-houses-including-csp-were-broken-jewelery-along-with-cash-were-stolen-130848074.html



