Betul Crime News : दिनदहाड़े हुई 20 लाख की चोरी का खुलासा, दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
Betul Crime News: Broad-daylight theft of ₹20 lakh solved; two accused arrested.
Betul Crime News : बैतूल जिले के आमला थाना पुलिस को दिनदहाड़े हुई 20 लाख की चोरी का खुलासा करने में बड़ी सफलता हासिल हुई है। चोरी को अंजाम देने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक 26 मई 2026 को फरियादी दम्मूलाल सूर्यवंशी, निवासी गणेश लॉन के पास, बोड़खी नाका, आमला ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि अज्ञात आरोपी उसके सूने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर भीतर घुस गए तथा दो आलमारियों के लॉक तोड़कर उनमें रखे लगभग 5 लाख रुपये नगद एवं सोने-चांदी के कीमती आभूषण चोरी कर ले गए। रिपोर्ट पर थाना आमला में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।वैज्ञानिक एवं तकनीकी जांच से मिला महत्वपूर्ण सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेंद्र जैन द्वारा विशेष टीम गठित की गई। सूचना प्राप्त होते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ निरीक्षक आबिद अंसारी ने डॉग स्क्वाड के साथ घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य संकलित किए। इसके साथ ही तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर सूचना एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदेहियों की पहचान की गई।
पूछताछ में कबूल किया जुर्म
पुलिस ने 3 अगस्त को संदेही जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा एवं सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर लगभग 18 से 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे किसी पूर्व नियोजित साजिश के बजाय अवसर देखकर वारदात करते थे। जिस क्षेत्र में सूना मकान दिखाई देता, वहीं चोरी की योजना बनाकर कुछ ही मिनटों में वारदात कर फरार हो जाते थे।
15 मिनिट में दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के अनुसार घटना के दिन दोनों आरोपी पिपरिया एवं इटारसी होते हुए बैतूल जिले में पहुंचे। उपयुक्त स्थान नहीं मिलने पर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पंखा-आमला मार्ग से बोड़खी क्षेत्र पहुंचे, जहां सड़क से ही फरियादी के मकान में ताला लगा दिखाई दिया। लगभग 15 से 20 मिनट में ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न जिलों में पूर्व से अनेक गंभीर अपराध दर्ज पाए जाने एवं संगठित रूप से अपराध करने की प्रवृत्ति पाए जाने पर प्रकरण में धारा 111 बीएनएस भी जोड़ी गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपी
पुलिस ने चोरी के मामले में जितेंद्र उर्फ मंझले पिता रामकिशन विश्वकर्मा, उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम भटेरा, थाना पलोहा बड़ा, जिला नरसिंहपुर, सुरेंद्र उर्फ विक्की पिता गोकुल प्रसाद ठाकुर, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम घंसौर, थाना केवलारी, जिला सिवनी को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों पर अन्य जिलों में भी दर्ज है प्रकरण
पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी जितेंद्र उर्फ मंझले विश्वकर्मा एक शातिर एवं आदतन नकबजन है। इसके विरुद्ध विभिन्न जिलों में चोरी, नकबजनी एवं लूट के कुल कई अपराध दर्ज है। जिला नरसिंहपुर में चोरी एवं लूट के 5 प्रकरण।जिला रायसेन में चोरी एवं नकबजनी के 2 प्रकरण। थाना सिविल लाइन, जिला सागर में चोरी का 1 प्रकरण। जिला बैतूल के थाना शाहपुर, थाना आमला एवं थाना बैतूल बाजार में चोरी एवं नकबजनी के एक-एक प्रकरण। आरोपी विभिन्न जिलों में घूमकर सूने मकानों की रेकी कर चोरी एवं नकबजनी की घटनाओं को अंजाम देता रहा है।
दूसरे आरोपी सुरेंद्र उर्फ विक्की ठाकुर
आरोपी के विरुद्ध भी विभिन्न जिलों में गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज है। थाना केवलारी, जिला सिवनी में आर्म्स एक्ट का प्रकरण। थाना बंडोल, जिला सिवनी में मारपीट एवं गाली-गलौज का प्रकरण। थाना सिविल लाइन, जिला सागर में नकबजनी का प्रकरण।
थाना आमला, जिला बैतूल में चोरी एवं नकबजनी का प्रकरण। जिला छिंदवाड़ा के कोतवाली थाना क्षेत्र में वर्ष 2014 एवं 2015 के दौरान लूट के तीन प्रकरण। थाना देहात, जिला छिंदवाड़ा में चोरी का प्रकरण। थाना केवलारी, जिला सिवनी में मारपीट एवं आर्म्स एक्ट संबंधी कार्रवाई। प्रारंभिक जांच में दोनों आरोपियों के अन्य जिलों में सक्रिय अपराधों की जानकारी भी संकलित की जा रही है।
बरामद किया गया मशरूका
पकड़े गए आरोपीयों के पास से
* सोने का हार
* सोने की चैन
* सोने का रानीहार
* सात जोड़ी सोने के टॉप्स
* चार सोने के कंगन
* दो मंगलसूत्र
* दो लेडीज़ चेन
* एक जोड़ी सोने के झुमके
* तीन जोड़ी बिछिया
* चांदी के आभूषण
* लक्ष्मीजी अंकित 10 चांदी के सिक्के
* अन्य सोने-चांदी के जेवरात
* एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल (थाना सिविल लाइन, जिला सागर में जप्त)कुल अनुमानित कीमत लगभग 18 से 20 लाख रुपये का मशरूका जप्त किया है।
सराहनीय भूमिका
इस उल्लेखनीय कार्रवाई में थाना प्रभारी आमला निरीक्षक मुकेश ठाकुर, निरीक्षक (अंगुल चिन्ह विशेषज्ञ) आबिद अंसारी, उपनिरीक्षक नितिन उईके, उपनिरीक्षक बलराम यादव, प्रधान आरक्षक नीलेश सोनी, अनंतराम यादव, विनय वर्मा, संतोष मालवीय, विवेक टैटवार, विकास वर्मा, इमला इवनाते, सुभाष मकोड़े, आरक्षक विवेक गाडगे (डॉग मास्टर), पवन एनिया, राजेंद्र धाडसे (साइबर सेल), बलराम राजपूत (साइबर सेल), पलक सौलंकी, जितेंद्र पंवार, विशाल चौरसिया, नीरज शेंडे तथा सैनिक शोभाराम पुंडे सहित संपूर्ण पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।



