Betul Crime News : रिश्तों का कत्ल: बहू बनी कातिल, सास की हत्या के मामले में गिरफ्तार

Betul Crime News: Murder of relationships: Daughter-in-law turns murderer, arrested in the case of murder of mother-in-law

Betul Crime News :  बैतूल जिले के मुलताई थाना क्षेत्र में घरेलू कलह ने एक परिवार को ऐसा जख्म दिया, जिसकी भरपाई संभव नहीं। मामूली विवाद ने हिंसक रूप लिया और एक बुजुर्ग महिला की जान चली गई। मुलताई पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए आरोपी बहू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस अधीक्षक बैतूल श्री वीरेन्द्र जैन के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी तथा एसडीओपी मुलताई श्री शिवकुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

घर के आंगन में बहा खून

घटना 19 फरवरी 2026 की सुबह करीब 9 बजे की है। ग्राम पिपरिया निवासी शारदा चिकाने ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी रश्मि चिकाने उनके घर के सामने पहुंची और बिना किसी कारण लकड़ी से हमला कर दिया। इस हमले में शारदा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

आरोप है कि इससे पहले आरोपी ने अपनी 82 वर्षीय सास प्रमिला बाई चिकाने के साथ भी बेरहमी से मारपीट की थी। हमले में दिनेश पाठेकर और कलश पाठेकर भी घायल हुए। सभी घायलों को तत्काल मुलताई अस्पताल में भर्ती कराया गया।

इलाज के दौरान सास की मौत

घायल प्रमिला बाई की हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल के एम्स में भर्ती कराया गया, जहां 23 फरवरी को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हुआ कि मौत मारपीट से आई चोटों के कारण हुई।

इसके बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ते हुए जांच तेज कर दी।

आरोपी बहू गिरफ्तार

मुलताई पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आरोपी रश्मि चिकाने (47) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त लकड़ी (हथियार) भी जब्त कर ली है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

इस पूरे मामले में थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह परिहार सहित पुलिस टीम ने अहम भूमिका निभाई। टीम की तत्परता से ही आरोपी को जल्द पकड़कर मामले का खुलासा किया जा सका।

एसपी की अपील: संवाद से सुलझाएं विवाद

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन ने घटना पर चिंता जताते हुए कहा कि पारिवारिक विवादों का इस तरह हिंसक रूप लेना बेहद दुखद है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून हाथ में लेने के बजाय बातचीत और कानूनी रास्ता अपनाएं।

उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों पर हिंसा न केवल एक जीवन खत्म करती है, बल्कि पूरे परिवार और समाज को गहरे आघात में डाल देती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button