Betul News: अब पार्क में भी सेहत सुधारने की सुविधा, लगाए जा रहे जिम उपकरण, इस पार्क के लिए पहुँची मशीनें

Betul News: Now facilities for improving health are available in the park too, gym equipment is being installed, machines have arrived for this park

प्रतीकात्मक फोटो

Betul News: बैतूल नगर पालिका परिषद  अब शहरवासियों को सेहतमंद बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ा रही है। नगर के विभिन्न वार्डों में स्थित पार्कों में अब खुले जिम (ओपन जिम) की सुविधा शुरू की जा रही है। इसी क्रम में बुधवार को गणेश वार्ड स्थित ग्रीन पार्क में आधुनिक जिम मशीनें पहुंचा दी गईं, जिन्हें जल्द ही फिट कर आम लोगों के उपयोग के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। यह पहल खास तौर पर उन नागरिकों के लिए लाभकारी होगी जो स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हैं और पार्क में मॉर्निंग या ईवनिंग वॉक के दौरान हल्की-फुल्की कसरत भी करना चाहते हैं।

नगरपालिका ने पहले ही शहर के विवेकानंद, पटेल, गणेश, रामनगर सहित करीब 10 वार्डों को इस योजना के लिए चिन्हित किया था, जहां पहले से पार्क विकसित हैं और वहां नागरिकों का प्रतिदिन आना-जाना रहता है। अब इन पार्कों में जिम जैसी सुविधाएं देने से लोगों को घर के पास ही स्वास्थ्य लाभ के संसाधन मिल सकेंगे। नगर परिषद द्वारा इस योजना के तहत कुल करीब 22 लाख रुपये की लागत से जिम मशीनों की खरीदी की गई है। इसमें से गणेश वार्ड के लिए लगभग 2 लाख 20 हजार रुपए की मशीनें भेजी गई हैं। मशीनों की फिटिंग और इंस्टॉलेशन का काम चरणबद्ध रूप से किया जा रहा है। राजस्व निरीक्षक सुभाष प्रजापति ने बताया कि मशीनों को असेंबल कर पार्क में सुरक्षित तरीके से लगाया जाएगा, जिससे नागरिकों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सके। उन्होंने बताया कि जिन वार्डों में मशीनें पहले पहुंच गई हैं, वहां फिटिंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है और लोग उनका उपयोग भी कर रहे हैं। इसके अलावा पार्कों में स्थापित मशीनों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष योजना बनाई गई है। प्रजापति के अनुसार, इन उपकरणों की देखरेख और सुरक्षा की जिम्मेदारी पार्कों में कार्यरत चौकीदारों को सौंपी गई है। इससे उपकरणों की समय-समय पर निगरानी होती रहेगी और क्षतिग्रस्त होने या चोरी जैसी घटनाओं से भी बचाव हो सकेगा। नगरपालिका की इस पहल से आम लोगों को अब बिना जिम फीस चुकाए, पार्क की हरियाली में ही फिटनेस का लाभ मिलेगा। स्थानीय रहवासियों ने इस पहल का स्वागत किया है और उम्मीद जताई है कि जल्द ही यह सुविधा पूरी तरह से चालू हो जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button