MP Today News : ई-केवाईसी नहीं होने पर शासकीय सेवकों का जून माह का वेतन नहीं होगा आहरित: कलेक्टर
MP Today News: If e-KYC is not done then the salary of government servants for the month of June will not be drawn: Collector
MP News : बैतूल कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन शासकीय सेवकों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण नहीं हुई है, उनके जून माह का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने यह निर्देश सोमवार को आयोजित विभागीय बैठक में दिए।
उन्होंने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार समस्त शासकीय सेवकों को आईएफएमआईएस (IFMIS) के एम्प्लाई सेल्फ सर्विस प्रोफाइल के माध्यम से अपनी समग्र आईडी को आधार से लिंक (मैप) करना अनिवार्य है। यह कार्य अभियान के रूप में संचालित किया जा रहा है।
कलेक्टर ने समस्त विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों की ई-केवाईसी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण कराएं। साथ ही उन्होंने जिला कोषालय अधिकारी को निर्देश दिए कि केवल ई-केवाईसी पूर्ण शासकीय सेवकों का ही वेतन जून 2025 माह में आहरित किया जाए।
उन्होंने आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को निर्देशित किया कि यदि किसी भी शासकीय सेवक की समग्र आईडी का आधार से मैपिंग IFMIS पोर्टल पर नहीं पाई जाती है, तो उसका वेतन भुगतान नहीं किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी विभागों से इस कार्य को तत्काल प्राथमिकता से पूर्ण कराने की बात कही।



