Betul Crime News Today: युवक की हत्या कर शव को बोरे में भरकर फेंका, घटना से क्षेत्र में फैली सनसनी
Betul Crime News Today: The youth was murdered and his body was thrown in a sack, the incident caused sensation in the area
Betul Crime News Today: बैतूल झल्लार थाना क्षेत्र के चिचोलाढाना के पास एक अज्ञात युवक का शव बोरे में मिलने से सनसनी फैल गई। अज्ञात लोगों ने युवक की हत्या कर शव को बोरे में भरकर फेक दिया। सूचना मिलते ही झल्लार पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया। शव पांच-छह दिन पुराना होना बताया है। पुलिस मृतक अज्ञात युवक की शिनाख्त करने में जुट गई है। झल्लार थाना प्रभारी मनोज उईके ने बताया कि चिचोलाढाना के पास एक अज्ञात युवक का बोरे में शव होने की जानकारी मिली थी। मौके पर जाकर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। बोरे को खोलकर देखा तो युवक का पांच-छह दिन पुराना शव मिला। पुराना शव होने के कारण चमड़ी गल गई थी और बदबू चलने लगी थी।
शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल लाया गया। पुलिस ने बताया कि अज्ञात व्यक्तियों ने अज्ञात युवक की हत्या कर शव को बोरे में भरकर गांव के पास में फेक दिया। मृतक के पास कोई दस्तावेज नहीं मिलने से कोई शिनाख्त नहीं हो पाई है। शव कुछ दिन पुराना होने के कारण चमड़ी गल गई है और पहचान करने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। मृतक की उम्र लगभग 30 से 35 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। मृतक के शव को डीएनए जांच के लिए भी भेजा जा सकता है। झल्लार थाना पुलिस ने शव की शिनाख्त के लिए जिले के कई थानों को सूचना दे दी है।


