Fall Army Worm: मक्के की फसल पर फॉल आर्मी वर्म कीट का प्रकोप, उत्पादन पर असर होने के आसार
Fall Army Worm: Outbreak of fall army worm pest on maize crop, likely to affect production
Fall Army Worm: बैतूल खरीफ फसल मक्का पर फॉल आर्मी वर्म कीट का प्रकोप देखने को मिल रहा है। कीट फसल को नुकसान पहुंचाने में लगे है। कीटों के प्रकोप के चलते किसान परेशान है। फॉल आर्मी वर्म से फसल को बचाने के लिए किसान जद्दोजहद कर रहे है। इस कीट का प्रकोप जिले के कई क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। कृषि विभाग के अधिकारी किसानों को इन कीटों से बचाने के लिए सलाह दे रहे है। जानकारी के अनुसार जिले के कई क्षेत्रों में मक्के की फसल पर फॉल आर्मी वर्म कीट का प्रकोप बढ़े स्तर पर देखने को मिल रहा है। यह कीट मक्के के छोटे-छोटे पौधों को जड़ से काटकर जमीन पर गिरा देते है, पत्तियों को नुकसान पहुंचाते है। कीट पौधे के भीतर घुस जाते है और पौधे को नुकसान पहुंचाते है। इल्लियां प्राय: मक्के के पौधे के भीतर घुसी रहती है और अंदर ही अंदर पौधे को खाना शुरू कर देती है। कई जगह कीट का प्रकोप होने के कारण फसलों को नुकसान पहुंच रहा है। किसानों का कहना है कि इसे नियंत्रण के लिए कोशिश कर रहे है, लेकिन कुछ क्षेत्रों में हालात यह है कि यह कीट नियंत्रित नहीं हो पा रहे है। कीट पर नियंत्रण नहीं हुआ तो मक्के की फसल को बड़े पैमाने पर नुकसान हो सकता है।
किसानों को दे रहे दवा छिडक़ाव की सलाह
कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फॉल आर्मी वर्म कीट का प्रकोप के चलते किसानों को दवा का छिडक़ाव करने की सलाह दी जा रही है। किसान मक्के की फसल पर दवा का छिडक़ाव कर इस कीट को नियंत्रित कर सकते है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि कीटनाशक के रूप में फ्लूबेंडामाईट 20 डब्ल्यू डीजी 250 ग्राम प्रति हेक्टेयर या फिर स्पाईनोसेड 45 एससी 200-250 ग्राम प्रति हेक्टेयर और इथीफ्रेनप्राक्स 10 ईसी 1 लीटर प्रति हेक्टेयर, एमामेक्टिन बेजोएट 5 एसजी का 200 ग्राम प्रति हेक्टेयर छिडक़ाव करने पर कीट प्रकोप से फसलों को बचाया जा सकता है। अभी किसानों को ब्लॉक स्तर के अधिकारियों द्वारा भी फसलों को बचाव को लेकर सलाह दी जा रही है।
उत्पादन पर पड़ेगा असर
मक्के की फसल पर जानकारी के अनुसार जिले में इस वर्ष 1 लाख 65 हजार हेक्टेयर में मक्के की बोवनी हुई है। जिले के कई क्षेत्रों में कीट का प्रकोप मक्के की फसल पर देखने को मिल रहा है, जिससे फसल उत्पादन पर भी असर पड़ सकता है। कृषि विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अभी किसी भी क्षेत्र में बहुत अधिक कीटों का असर देखने को नहीं मिल रहा है। हालांकि कीटों का प्रकोप थोड़ा-थोड़ा सभी क्षेत्रों में है और कीट दवा का छिडक़ाव करने से नियंत्रित भी हो जाते है। कीट प्रकोप के चलते नुकसान होने की आशंका जरूर बनी हुई है।
इनका कहना…
जिले के कुछ क्षेत्रों से फॉल आर्मी वर्म कीट का प्रकोप होने की जानकारी प्राप्त हुई है। किसानों को दवा का छिडक़ांव कर कीटों को नियंत्रण करने की सलाह दी जा रही है।
डॉ आनंद भदौरिया, उपसंचालक, कृषि विभाग, बैतूल

