Betul: लापरवाही बरतने पर एक पटवारी, तीन शिक्षक, एक पंचायत सचिव एवं एक भृत्य निलंबित

कलेक्टर श्री अमनबीर सिंह बैंस एवं सीईओ जिला पंचायत श्री अभिलाष मिश्रा ने शुक्रवार को आठनेर विकासखंड के क्लस्टर ग्राम हिड़ली में ग्राम संवाद आयोजित कर आमजन की समस्याएं सुनीं एवं उनका निराकरण किया। इस दौरान 83 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 48 को मौके पर ही निराकृत किया गया। शेष के निराकरण के लिए समय-सीमा दी गई।

ग्राम संवाद में कलेक्टर श्री बैंस को ग्राम सूकी में पदस्थ पटवारी श्री राजेश शनिचरे के विरूद्ध कार्य में लापरवाही एवं ग्रामीण क्षेत्र का दौरा नहीं करने की शिकायत मिलने पर उनको निलंबित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम के प्राथमिक स्कूल में पदस्थ सहायक शिक्षक श्री चैतराम कुमरे एवं श्री राकेश वडघरे को भी कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया। ग्राम पंचायत सूकी में स्कूल भवन एवं इसी ग्राम पंचायत के ढाना खैरी में आंगनबाड़ी भवन जर्जर पाए जाने की शिकायत मिलने पर लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री को उक्त भवनों के डिस्मेंटल हेतु जांच करने के निर्देश दिए गए। ग्राम सूकी में कपिलधारा कूप की मांग पर नियमानुसार परीक्षण करने के लिए संबंधित अधिकारी को कलेक्टर ने निर्देशित किया। इसी ग्राम से संबंधित मामले में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र आठनेर में पदस्थ कर्मचारी द्वारा जन्म प्रमाण पत्र जारी करने में शिथिलता बरतने, जिसके कारण हितग्राहियों को लाड़ली लक्ष्मी योजना एवं जननी सुरक्षा योजना का लाभ मिलने में विलंब होने की शिकायत मिलने पर वहां पदस्थ कर्मचारी श्री संजय झरबड़े की जांच कर उसके विरूद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम में ट्रांसफार्मर जला होने की जानकारी मिलने पर विद्युत विभाग के अधिकारी को उक्त ट्रांसफार्मर को बदलने के लिए कहा गया।
ग्राम पानबेहरा में ग्राम पंचायत को मदद योजना के तहत मिले बर्तन एवं बाउण्ड्रीवॉल की राशि में पूर्व सरपंच द्वारा अनियमितता किए जाने पर पंचायत की सामग्री का विस्तार से मूल्यांकन करने के लिए सीईओ जनपद पंचायत से कहा गया। यहां जलाशय की मांग पर जल संसाधन विभाग को सर्वेक्षण करने के निर्देश दिए गए। यहां पदस्थ पंचायत सचिव द्वारा पंचायत से संबंधित समुचित जानकारी प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण कलेक्टर द्वारा उक्त कर्मचारी को निलंबित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम में एक आंगनबाड़ी के लिए भवन की आवश्यकता होने पर स्कूल भवन के अतिरिक्त कक्ष में आंगनबाड़ी संचालन करने के लिए निर्देशित किया गया। ग्राम पानबेहरा के अंकुर छात्रों को तरूण में अपग्रेड करने के लिए प्राथमिक शाला ठेसका के प्राथमिक शिक्षक श्री दिनेश लिल्होरे को एक माह तक प्राथमिक शाला पानबेहरा में अध्यापन कार्य हेतु निर्देशित किया गया।

ग्राम मोरूढाना में सडक़ निर्माण की मांग पर सुदूर सडक़ योजनांतर्गत प्राक्कलन तैयार करने के उपयंत्री को निर्देश दिए गए। यहां राशन के लिए पानबेहरा की शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान से गांव को संबद्ध किया गया। कत्र्तव्यों के निर्वहन में लापरवाही की शिकायत मिलने पर ग्राम के बालक आश्रम के अधीक्षक (प्राथमिक शिक्षक) श्री विमल खात्रीकर एवं भृत्य श्री गेंदराव पाटनकर को भी निलंबित किया गया। ग्राम में ट्रांसफार्मर बंद पाए जाने पर उचित कार्रवाई के लिए विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए। साथ ही आंगनबाड़ी केन्द्रों में टीएचआर वितरण में अनियमितता की शिकायत मिलने पर जांच करने के जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देश दिए गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button