Betul: जिला अस्पताल बैतूल में फिर गर्भवती महिला की मौत: पूरे मामले की जांच शुरू

बैतूल। जिला अस्पताल में फिर एक गर्भवती महिला की मौत हो गई है। महिला की हालत कमजोर होने के कारण उसे जिला अस्पताल से भोपाल रेफर किया था, लेकिन परिजन लेकर नहीं गए और महिला की मौत हो गई। महिला का जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण सामने आएगा। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक आदर्श पिपरिया चिचोली निवासी सीमा पति शिवराम परते (40) को प्रसव के लिए जिला अस्पताल में सोमवार के दिन भर्ती किया था। अस्पताल में भर्ती होने के बाद डॉक्टरों ने महिला की जांच की। डॉक्टरों ने महिला की हालत को देखते हुए एनेस्थीसिया देने की स्थिति में नहीं होना बताया गया। महिला की हालत कमजोर होने पर उसे जिला अस्पताल से भोपाल रेफर कर दिया। परिजन महिला को भोपाल लेकर नहीं गए। मंगलवार सुबह लगभग 8 बजे जच्चा-बच्चा की मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण सामने आएगा। उल्लेखनीय है कि इसके पहले भी गर्भवती महिलाओं की मौत होने के मामले सामने आ गए हैं।


