CM शिवराज ने आवासीय भू-अधिकार योजना की शुरुआत की: गरीब को मकान बनाने मिलेगा प्लाट
इस साल के अंत में मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में बड़ी आबादी को लुभाने के लिए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को टीकमगढ़ से मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत गरीब लोगों को 600 वर्गफीट जमीन का पट्टा बिना किसी शुल्क के दिया जाएगा।
सीएम ने बकपुरा ग्राम पंचायत में हितग्राहियों को प्लॉट का पट्टा देकर कर उनसे चर्चा की। टीकमगढ़ में 10 हजार 918 हितग्राहियों को 129.37 करोड़ के आवासीय प्लॉट बांटे गए। इसके लिए पूरे प्रदेश से 14 लाख लोगों के आवेदन मिले हैं। बता दें, आवेदन करने के लिए आवेदक का वोटर होना जरूरी है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कहा, घर बनाने के लिए जितनी जमीन चाहिए उतनी जमीन हम हितग्राहियों को प्रदान करेंगे। जहां शासकीय जमीन होगी वहां शासकीय जमीन देंगे और जहां नहीं होगी वहां खरीदकर प्लॉट देंगे।
पूरे प्रदेश में योजना की शुरुआत
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने सबसे पहले टीकमगढ़ जिले के प्रसिद्ध सिद्धपीठ बगाज माता मंदिर में विधिपूर्वक पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों के उत्तम स्वास्थ्य व शांतिपूर्ण जीवन हेतु कामना की। इसके बाद वे मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना का उद्घाटन करने पहुंचे। कार्यक्रम में हितग्राहियों को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा- मेरी जनता ही मेरे लिए भगवान है और इसलिए बगाज माता के दरबार से हम पूरे मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार योजना प्रारंभ कर रहे है।
प्लॉट्स पर मकान बनाने का महाअभियान शुरू होगा
सीएम ने कहा कि यह भाजपा की सरकार है। हम फ्री में राशन दे रहे हैं। प्लॉट दे रहे हैं। इन प्लॉट्स पर मकान बनाने का महाअभियान प्रारंभ किया जाएगा। हर गरीब का पक्का मकान बनेगा। हमारी सरकार सत्ता के सिंहासन पर बैठने के लिए नहीं, गरीबों की जिंदगी बदलने के लिए है।



