MP में काँग्रेस के 17 पूर्व मंत्रियों की स्थिति मजबूत: मुलताई के विधायक सुखदेव पांसे भी शामिल

मध्यप्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस इस बार कई सीटों पर 6 महीने पहले ही कैंडिडेट घोषित करने वाली है। पार्टी ने प्रदेश की 230 सीटों पर दूसरा इंटरनल सर्वे करा लिया है। सर्वे की अंतिम रिपोर्ट फरवरी में आएगी, लेकिन दैनिक भास्कर ने इसके खास पॉइंट्स हासिल किए हैं। इसके मुताबिक कांग्रेस ने मौजूदा 95 विधायकों में 37 विधायक और 17 पूर्व मंत्रियों की ग्राउंड स्थिति मजबूत पाई है। इन्हें चुनावी तैयारी करने के लिए भी कह दिया गया है।

सर्वे में 69 सीटों पर चुनाव से 6 महीने पहले कैंडिडेट घोषित करने की सिफारिश की गई है। ये वे सीटें हैं जहां पार्टी बहुत कमजोर नहीं है। प्रत्याशी को लंबा वक्त मिला तो वह अपने पक्ष में माहौल बनाने में कामयाब हो सकता है। एक बात यह भी निकलकर आई है कि जहां भाजपा मजबूत स्थिति में है, वहां बड़े नेताओं की जगह उनके बेटों को उतारा जाएं। पार्टी के इंटरनल सर्वे पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कोई कमेंट नहीं किया। बस इतना कहा- हमारा फोकस पिछले दो चुनाव में हारी सीटों पर जीत तय करना है। सर्वे में मौजूदा विधायकों में 54 की स्थिति बेहतर पाई है। शेष 41 सीटों पर पार्टी अगले कुछ महीनों में निर्णय लेने की स्थिति में होगी।

प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व संगठन प्रभारी चंद्रप्रभाष शेखर ने कहा- चुनाव की तैयारियों को ध्यान में रखकर प्रदेश अध्यक्ष विधानसभावार जनता की राय जानने के लिए सर्वे कराते हैं। जिलों के अध्यक्ष से लेकर ब्लॉक लेवल तक के पदाधिकारियों से फीडबैक लिया जाता है। पूर्व मंत्री एवं विधायक पीसी शर्मा ने कहा- कमलनाथ सर्वे कराते हैं, इसका फायदा कांग्रेस को मिलता रहा है। 2018 के चुनाव हो या नगरीय निकाय चुनाव, सर्वे से कांग्रेस को सफलता मिली।

इन पूर्व मंत्रियों की स्थिति बेहतर मिली

डॉ. गोविंद सिंह (लहार), विजय लक्ष्मी साधौ (महेश्वर), बाला बच्चन (राजपुर), कमलेश्वर पटेल (सिंहावल), सज्जन सिंह वर्मा (सोनकच्छ), जीतू पटवारी (राऊ), तरुण भनोट (जबलपुर पश्चिम), लखन घनघोरिया (जबलपुर पूर्व), जयवर्धन सिंह (राघोगढ़), सुखदेव पांसे (मुलताई), प्रियव्रत सिंह (खिलचीपुर), पीसी शर्मा (भोपाल दक्षिण-पश्चिम), ओंकार सिंह मरकाम (डिंडौरी), लाखन सिंह यादव (भितरवार), हुकुम सिंह कराडा (शाजापुर), सचिन यादव (कसरावद), हर्ष यादव (देवरी) शामिल हैं।

इन 37 विधायकों से कहा- तैयारी करो

सतीश सिकरवार (ग्वालियर पूर्व), अजब सिंह कुशवाह (सुमावली), प्रवीण पाठक (ग्वालियर दक्षिण), सुरेश राजे (डबरा), घनश्याम सिंह (सेंवढ़ा), केपी सिंह (पिछोर), लक्ष्मण सिंह (चाचौड़ा), गोपाल सिंह चौहान (चंदेरी), विक्रम सिंह (राजनगर), आलोक चतुर्वेदी (छतरपुर), कल्पना वर्मा (रैंगांव), नीलांशु चतुर्वेदी (चित्रकूट), सुनील सराफ (कोतमा), विनय सक्सेना (जबलपुर उत्तर ), आरिफ मसूद (भोपाल मध्य), हिना कांवरे (लांजी), संजय शुक्ला (इंदोर -1), डाॅ. योगेंद्र सिंह (लखनादौन), संजय शर्मा (तेंदूखेड़ा), निलय डागा (बैतूल), शशांक भार्गव (विदिशा), विजय चौरे (सौंसर), कमलेश शाह (अमरवाड़ा), सुनील उइके (जुन्नारदेव), विपिन वानखेड़े (आगर), कुणाल चौधरी (कालापीपल), प्रताप ग्रेवाल (सरदारपुर), पांछीलाल मेड़ा (धरमपुरी), महेश परमार (तराना), रामलाल मालवीय (घटि्टया) और दिलीप गुर्जर (नागदा-खाचरोद), अजय टंडन (दमोह), राकेश मवई (मुरैना) और मेवाराम जाटव (गोहद), फुंदेलाल मार्कों (पुष्पराजगढ़), नारायण सिंह पट्टा (बिछिया) और शिवदयाल बागरी (गुन्नौर) शामिल हैं।

न्यूज़ सोर्स दैनिक भास्कर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button