Crime Meeting: क्राइम मीटिंग में कोतवाली और चिचोली थाना प्रभारी को एसपी ने लगाई फटकार

बैतूल-अपने कार्य में लापरवाही बरतने पर क्राइम मीटिंग में एसपी सिमाला प्रसाद ने कोतवाली और चिचोली थाना प्रभारी को जमकर फटकार लगाई है। दोनों थाना प्रभारियों को अपने कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिए है। गुरूवार दोपहर को पुलिस कंट्रोल रूम में क्राईम मीटिंग हुई जिसमें एसपी सिमाला प्रसाद, एएसपी नीरज सोनी, सभी एसडीओपी और सभी थाने के थाना प्रभारी मौजूद थे। पुलिस अधिकारियों ने एक-एक करके सभी थानों में हुए अपराधों की जानकारी ली। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाने में वारंटियां की धरपकड़ नहीं होने और कई केस लंबित होने के कारण एसपी ने नाराजगी जताई और थाना प्रभारी अपाला सिंह को फटकार लगाई है और निर्देश दिए कि पुलिस अधिकारियों द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन करें और अपराधों का शीघ्र निराकरण किया जाए। थाना क्षेत्र में बढ़ रही अपराधिक घटनाओं पर भी अंकुश लगाने के लिए कहा गया। चिचोली थाने में आबकारी के कई केस पेडिंग है। जिनका निराकरण समय पर नहीं हुआ। अपराधों की समीक्षा और निराकरण समय पर नहीं होने के कारण चिचोली थाना प्रभारी तरून्नुम खान को फटकार लगाई है। थाना प्रभारी को दो टूक शब्दों में निर्देश दिए कि पेडिंग अपराधों का निराकरण करें और आरोपियों की गिरफ्तारी की जाए। चिचोली थाना क्षेत्र में भी कई अपराधिक घटनाएं हुई है जिनका समय पर निराकरण नहीं हुआ है। अन्य थाना प्रभारियों से भी अपराधों के बारे में एक-एक करके जानकारी ली। कुछ थाना प्रभारियों द्वारा अपराधों का निराकरण समय पर किया, जिनकी एसपी ने सराहना भी की है। थाना प्रभारियों को इसी तरह से कार्य करने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि किसी भी थाने में लंबे समय तक केस पेडिंग नहीं होना चाहिए। शहर में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर भी एसपी ने नाराजगी जाहिर की। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए। थाना प्रभारियों को रात्रि गश्त बढ़ाने के लिए भी कहा है।



