Betul News : टिकारी बैतूल में 23 से 26 जून तक होगा श्री खाटू श्याम प्राण प्रतिष्ठा एवं मंदिर जीर्णोद्धार महोत्सव
Betul News: Shri Khatu Shyam Pran Pratishtha and Temple Renovation Festival will be held from 23 to 26 June in Tikari Betul.
Betul News : बैतूल में आस्था, भक्ति और धार्मिक उल्लास का केंद्र बनने जा रहे टिकारी बैतूल में 23 से 26 जून तक श्री खाटू श्याम प्राण प्रतिष्ठा एवं छोटा शिव मंदिर जीर्णोद्धार महोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। श्री खाटू श्याम सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस चार दिवसीय धार्मिक महोत्सव में वैदिक अनुष्ठानों, भजन संध्याओं, कलश यात्रा, नगर भ्रमण और विशाल भंडारे के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।समिति के सेवाधारक अनिल कुबड़े ने बताया कि लंबे समय से चल रही तैयारियों के बाद अब मंदिर में श्री खाटू श्याम बाबा की प्राण प्रतिष्ठा का शुभ अवसर आया है। कार्यक्रम का शुभारंभ 23 जून को दोपहर 3 बजे भव्य निशान यात्रा एवं कलश यात्रा से होगा। सैकड़ों श्रद्धालुओं की सहभागिता वाली यह यात्रा मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर अवधड़ा चौक, लल्ली चौक, मुल्ला पेट्रोल पंप, दिलबहार चौक, मैकेनिक चौक, कारगिल चौक, लिंक रोड और बच्चा जेल चौक सहित शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः मंदिर पहुंचेगी। यात्रा के दौरान भक्तजन बाबा श्याम के जयकारों से पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में रंग देंगे।
महोत्सव के अंतर्गत 24 जून को अन्नाधिवास, 25 जून को फलाधिवास एवं शयनाधिवास तथा 26 जून को विधिवत प्राण प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति, हवन एवं पूजन का आयोजन होगा। वैदिक आचार्यों के सान्निध्य में संपन्न होने वाले इन धार्मिक अनुष्ठानों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आयोजन की विशेष आकर्षण भव्य भजन संध्याएं रहेंगी। प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से देश के विभिन्न शहरों से आने वाले सुप्रसिद्ध भजन गायक अपनी प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्ति के रंग में रंगेंगे। इंदौर के कनक एवं मयंक, कोलकाता के राहुल कश्यप, रायपुर के विनय अग्रवाल, नागपुर की कृष्णा प्रिया देवी, भोपाल के दिनेश चढ़ोकार और सारणी-बैतूल के मनोज कामड़े खाटू श्याम बाबा की महिमा का गुणगान करेंगे।
इसके अलावा प्रतिदिन शाम 7 बजे से दिव्य दर्शन एवं विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
समिति के पदाधिकारियों राकेश मुन्ना वर्मा, रविन्द्र बंटी घोटे, मुकेश गुप्ता, भगवान कुशरे, राजकिशोर अवस्थी, मिथिलेश चौहान, मनोज मालवीय, गिरीश चौहान, विनोद कुड़पे सहित अन्य श्याम भक्तों ने जिलेवासियों से परिवार सहित आयोजन में शामिल होने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह केवल धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को एकता, सेवा और भक्ति के सूत्र में बांधने का महोत्सव है।
आयोजन स्थल: छोटा शिव मंदिर, बड़ी महाकाली मंदिर के पास, टिकारी बैतूल।
तिथि: 23 से 26 जून 2026
चार दिनों तक भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का संगम बनेगा टिकारी, जहां खाटू श्याम बाबा के जयकारों के बीच श्रद्धालु आध्यात्मिक आनंद का अनुभव करेंगे।



