Betul News : एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ की नौकरी का झांसा, युवक से 1.61 लाख की साइबर ठगी
Betul News: Youth cheated of Rs 1.61 lakh on the pretext of ground staff job at the airport
Betul News : बैतूल जिले में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां एयरपोर्ट पर ग्राउंड स्टाफ की नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवक से 1.61 लाख रुपये ठग लिए गए। मामले में कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार टीकारी निवासी मनोहर सिंह सोलंकी ने शिकायत दर्ज कराई कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर एयरपोर्ट ग्राउंड स्टाफ भर्ती का विज्ञापन देखा था। दिए गए नंबर पर संपर्क करने के बाद आरोपियों ने खुद को भर्ती एजेंसी का प्रतिनिधि बताते हुए भरोसा दिलाया और नौकरी लगवाने के नाम पर अलग-अलग शुल्क मांगे।
आरोपियों ने फॉर्म फीस, प्रोसेसिंग चार्ज, इंटरव्यू फीस, सैलरी अकाउंट खोलने, मेडिकल और पुलिस वेरिफिकेशन के नाम पर करीब 15 बार में छोटी-छोटी रकम क्यूआर कोड के जरिए जमा करवाई। इस तरह कुल 1,61,409 रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।
जब लंबे समय तक कोई नियुक्ति पत्र या कॉल लेटर नहीं मिला और लगातार पैसों की मांग जारी रही, तब फरियादी को ठगी का एहसास हुआ। पैसे वापस मांगने पर आरोपियों ने संपर्क बंद कर दिया।
कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और आईटी एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जिन मोबाइल नंबरों और खातों में राशि ट्रांसफर हुई, उनकी जानकारी साइबर सेल को भेजी गई है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस की अपील
पुलिस अधीक्षक ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर मिलने वाले नौकरी के विज्ञापनों से सावधान रहें। कोई भी वैध कंपनी नौकरी देने के नाम पर फीस या सिक्योरिटी डिपॉजिट नहीं मांगती। अनजान लिंक पर क्लिक न करें और क्यूआर कोड स्कैन कर भुगतान करने से बचें। किसी भी प्रकार की साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।


