Betul Congress Strike : गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमत और किल्लत को लेकर कांग्रेस का धरना, नाले की गैस से चाय बनाकर किया प्रदर्शन

Betul Congress Strike: Congress staged a sit-in protest against the rising price and shortage of gas cylinders, making tea from sewer gas.

Betul Congress Strike :  गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और गैस की किल्लत को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने बैतूल मुख्यालय पर धरना प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय डागा के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेसियों ने केंद्र की मोदी सरकार और प्रदेश की मोहन यादव सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और बढ़ती महंगाई के खिलाफ आक्रोश जताया।

धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं से लेकर रसोई गैस तक के दाम आम जनता की पहुंच से बाहर होते जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से आम परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ा है। गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए घर का बजट संभालना मुश्किल होता जा रहा है।

डागा ने यह भी कहा कि जिले में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है, जिसके कारण कई लोगों को समय पर गैस नहीं मिल पा रही है। गैस की कमी से छोटे होटल, चाय की दुकानें और अन्य छोटे व्यवसाय भी प्रभावित हो रहे हैं। कई दुकानदारों को सिलेंडर नहीं मिलने के कारण अपनी दुकानें बंद करने तक की नौबत आ रही है।

धरना स्थल पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखे तरीके से विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेत्रियों ने नाले से निकलने वाली गैस से चूल्हा जलाकर चाय बनाई और इसे महंगाई के खिलाफ सांकेतिक प्रदर्शन बताया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि जब गैस सिलेंडर आम लोगों की पहुंच से बाहर हो जाएंगे तो लोगों को इसी तरह के विकल्प तलाशने पड़ेंगे।

इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने ट्रेंचिंग ग्राउंड घोटाले का मुद्दा भी उठाया और भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार महंगाई और जनसमस्याओं पर ध्यान देने के बजाय जनता का ध्यान भटकाने का काम कर रही है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि गैस की कीमतों में कमी नहीं की गई और आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो पार्टी आगे भी चरणबद्ध आंदोलन करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button