Betul News : बैतूल में हर्षोल्लास के साथ मनाई धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती, आदिवासी पारंपरिक गीतों पर जमकर थिरके जनप्रतिनिधि और कलेक्टर
शिवाजी ओपन ऑडिटोरियम में जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
Betul News : बैतूल धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर 15 नवंबर को शिवाजी ओपन ऑडिटोरियम बैतूल में जनजातीय गौरव दिवस जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, घोड़ाडोंगरी विधायक गंगा सज्जन सिंह उईके, आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पंवार, मप्र अनुसूचित जनजातीय आयोग के सदस्य मंगल सिंह धुर्वे, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे,जिला पंचायत सदस्य जगन उईके, कमलेश सिंह, संदीप धुर्वे, श्री कृष्णा गायकी सहित सहित कलेक्टर डॉ सौरभ संजय सोनवणे, पुलिस अधीक्षक अमित सक्सेना, जिला पंचायत सीईओ गणेश जायसवाल, अति पुलिस अधीक्षक कमलेश खरपुसे उपस्थित थे।
सर्वप्रथम मुख्य अतिथियों द्वारा भगवान बिरसा मुंडा, सरदार विष्णु सिंह गोंड और डॉ भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र समक्ष दीप प्रज्वलित, माल्यार्पण करने के पश्चात राष्ट्रीय गीत और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का लाइव उद्बोधन देखा व सुना गया। इस दौरान जनजातीय महानायकों के संघर्ष और जनजातीय लोगों के उत्थान पर आधारित लघु फिल्म का अवलोकन भी किया गया।
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति की अनूठी छटा देखने को मिली। कार्यक्रम के दौरान जनजातीय कलाकारों ने पारंपरिक गीतों एवं लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। पारंपरिक वेशभूषा, लोकधुनों और आकर्षक नृत्य प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को उत्साह और उमंग से भर दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथियों ने भी जनजातीय कलाकारों के साथ नृत्य कर उनका उत्साहवर्धन किया। जनप्रतिनिधियों एवं कलेक्टर को कलाकारों के साथ थिरकते देख उपस्थित लोगों ने भी तालियों के साथ उत्साह बढ़ाया।
कार्यक्रम में हेल्थ विभाग सांस अभियान एवं साथ अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ भी किया गया।कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने जनजातीय कलाकारों, मेधावी विद्यार्थियों, विभिन्न क्षेत्र में हितलाभ वितरण कर सम्मानित किया।
—-जनजातीय वीरों और उनके गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को किया याद–
विधायक महेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि जनजातीय वीरों और उनके गौरवशाली इतिहास और संस्कृति को याद कर गौरवान्वित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय गौरव दिवस मनाकर वीर सपूतों को सम्मान दिलाया हैं। विधायक श्रीमती गंगाबाई उईके ने गोंडी भाषा में सभी को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दी और गायिका ममता ऊईके को सम्मानित किया। उन्होंने जनजातीय वर्ग के कल्याण के विकास के लिए चलाई जा रही योजनाओं और उनके गौरव को बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रति आभार व्यक्त किया।
विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे ने कहा कि हर्ष और गौरव की बात है कि आज हम भगवान बिरसा मुंडा की 151 वीं जन्म जयंती मना रहे है। जिन्होंने अंग्रजों के खिलाफ स्वतंत्रता संग्राम में संघर्ष कर अपने प्राणों की आहुति दी। उनकी वीर गाथा से आने वाली पीढ़ी भी प्रेरित हो रही है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज को सकारात्मक दिशा दिखाने का काम जनजातीय महापुरुषों ने किया है। हमें जनजातीय नायकों से प्रेरित होने की आवश्यकता है। उन्होंने भावी पीढ़ी से आग्रह किया कि हमारे वीर जनजातीय सपूतों से प्रेरित होकर हमारी संस्कृति की रक्षा और उत्थान के लिए तत्पर रहे।
जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनजातीय नायकों और समाज का गौरव बढ़ाने का काम किया है। वीर जनजातीय नायकों के इतिहास को संजोने और उनके प्रेरक कार्यों को जनता के सामने लाने का काम भारत सरकार कर रही हैं।
मप्र अनुसूचित जनजातीय आयोग के सदस्य श्री मंगल सिंह धुर्वे ने अपने उद्बोधन में जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, बलिदान एवं जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए उनके योगदान को याद किया। उन्होंने जनजातीय समाज से अपनी परंपराओं, संस्कृति, बोली-भाषा एवं रीति-रिवाजों को संरक्षित रखने के साथ ही शिक्षा के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे ने गोंडी भाषा में उपस्थित जनसमूह को जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जनजातीय समाज के लोगों से शिक्षा के महत्व को समझने और बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने का आह्वान किया। साथ ही शासन द्वारा जनजातीय समाज के उत्थान, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास के लिए संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर उनका लाभ उठाने की अपील की।
—-शिवाजी ऑडिटोरियम से निकली भव्य रैली का जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत—
इस अवसर पर शिवाजी ऑडिटोरियम से भव्य रैली निकाली गई। शिवाजी आडिटोरियम परिसर में रानी दुर्गावती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर रैली शिवाजी चौक पहुंची, इस दौरान यहां छत्रपति शिवाजी महाराज जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के तत्पश्चात रैली कलेक्टर आफिस के सामने से होते हुए बसस्टेड पहुंची, जहां सरदार विष्णु सिंह गोंड जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कियागया। रैली के प्रमुख मार्गों के भ्रमण के दौरान राजा भोज जी की प्रतिमा, महाराणा प्रताप जी की प्रतिमा तथा बाबा साहेब अंबेडकर जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया। इस दौरान रैली बालक छात्रावास कैम्पस में पहुंचकर भगवान बिरसा मुण्डा जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के पश्चात रैली का कार्यक्रम स्थल पर समापन किया गया।



