MP News : नितिन गडकरी ने एमपी के लिए खोल खजाना, 60 हजार करोड़ से बनेंगे कई हाईवे और सड़के, बैतूल- परतवाड़ा मार्ग भी शामिल
MP News: Nitin Gadkari opened the treasury for MP, many highways and roads will be built with 60 thousand crores, Betul-Paratwada road also included
MP News : केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने जबलपुर में प्रदेश के सबसे लंबे फ्लाईओवर का लोकार्पण करते हुए मध्यप्रदेश को कई नई सौगातें दीं। इस मौके पर उन्होंने करीब 60 हजार करोड़ रुपये की लागत वाली सड़क और इन्फ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं की घोषणा की।
गडकरी ने बताया कि बैतूल से परतवाड़ा तक 63 किमी लंबी दो लेन पेव्ड शोल्डर सड़क का निर्माण 626 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। इसी तरह बालाघाट से नैनपुर तक 74 किमी लंबा मार्ग दो लेन पेव्ड शोल्डर के रूप में 750 करोड़ रुपये की लागत से तैयार होगा।
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों को नई कनेक्टिविटी देने के लिए भी काम होगा। रीवा में वाराणसी–नागपुर मार्ग पर 150 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर, और उज्जैन में निकासा चौराहा से इंदौर गेट तक 100 करोड़ रुपये की लागत से टू लेन फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके अलावा उज्जैन में ही चिमनगंज मंडी चौराहा से इंदौर गेट तक 510 करोड़ रुपये की लागत से फोर लेन फ्लाईओवर का निर्माण होगा। गडकरी ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से मध्यप्रदेश में न सिर्फ यातायात सुगम होगा, बल्कि पर्यटन, व्यापार और लॉजिस्टिक्स को भी नई रफ्तार मिलेगी।



