MP News : मध्यप्रदेश के इन 7 शहरों में जल्द दौड़ेंगी कम किराए वाली आरामदायक बसें
MP News: Low fare comfortable buses will soon run in these 7 cities of Madhya Pradesh
MP News : मध्यप्रदेश में आम यात्रियों को राहत देने के लिए सरकार द्वारा जल्द ही कम किराए वाली आरामदायक बसें शुरू की जाएंगी। इसके लिए प्रस्तावित “मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा योजना” को लेकर परिवहन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
राज्य सरकार द्वारा अप्रैल 2025 में स्वीकृत इस योजना के तहत नगर वाहन सेवा और अंतरशहरी बस सेवा को सुगम और व्यवस्थित बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत राज्य और जिला स्तर पर कंपनियों का गठन भी कर लिया गया है।
राज्यस्तरीय कंपनी का गठन, मुख्यमंत्री होंगे अध्यक्ष
योजना के संचालन हेतु “मध्यप्रदेश यात्री परिवहन एवं अधोसंरचना लिमिटेड” नामक राज्यस्तरीय कंपनी का गठन रजिस्ट्रार ऑफ कंपनी एक्ट के अंतर्गत किया गया है, जिसका पंजीयन 3 जुलाई 2025 को हुआ। इस कंपनी के अध्यक्ष मुख्यमंत्री होंगे, जबकि परिवहन मंत्री और मुख्य सचिव को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
प्रदेश के 7 प्रमुख शहरों में सहायक कंपनियां गठित
प्रदेश में योजना के क्रियान्वयन के लिए 7 सहायक कंपनियां भी गठित की गई हैं, जिनका संचालन भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर, सागर, रीवा और ग्वालियर में किया जाएगा। इन शहरों में वर्तमान में संचालित सिटी बस कंपनियों की शेयर होल्डिंग में बदलाव करते हुए नई कंपनियों का गठन किया गया है।



