Betul News : पत्थरों की चट्टान से निकली आग, लोग मान रहे है चमत्कार
Betul News: Fire came out from the rock, people are considering it a miracle

Betul News : बैतूल से भैंसदेही जाने वाले मार्ग पर शुक्रवार अनोखी घटना देखने को मिली। ताप्ती नदी के तट पर बने मंदिर के ठीक बाजू में स्थित पत्थर की चट्टान की दरार में से लोगों ने आग की लपटें निकलती देखी। इस घटना से लोगों का आश्चर्य चकित होना भी लाजमी था, क्योंकि चट्टान की दरार में से आग की लपटें ऐसी निकल रही थी, मानो गैस चूल्हा या फिर स्टोव जल रहा हो। इस अनोखे दृश्य को सबसे पहले यहां से गुजर रही कांवड़ यात्रियों ने देखा। यह खबर पूरे क्षेत्र में फैल गई। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग यहां पर पहुंचने लगे। कई श्रद्धालुओं ने इसे माता रानी का चमत्कार मानते हुए पूजा-अर्चना तक शुरू कर दी, लेकिन जब खबर की पड़ताल की तो असलियत सामने आई तो घटना भूगर्भ से जुड़ी हुई निकली। खनिज विभाग के अधिकारी इस घटना को मीथेन गैस के रिसाव से जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि विभाग के अफसरों का दावा है कि मौके पर पहुंचकर इसकी पूरी जांच पड़ताल की जाएगी।



