Betul Crime News : दो चोरी की घटनाओं का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार, ज्वेरात सहित अन्य सामान बरामद
Betul Crime News: Two theft incidents revealed, one accused arrested, jewellery and other items recovered
Betul Crime News : बैतूल कोतवाली पुलिस को दो चोरी की घटनाओं का खुलासा करने में सफलता मिली है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। 3 अन्य साथी अभी भी फरार चल रहे है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक शहर में लगातार बढ़ रही नकबजनी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक निश्चल एन झारिया द्वारा थाना प्रभारियों को अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी के निर्देश दिए गए थे। इसी दिशा में कार्रवाई करते हुए कोतवाली पुलिस ने दो नकबजनी के मामलों में एक आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 2 लाख 50 हजार रुपये के सोने-चाँदी के जेवरात बरामद किए हैं।
इन स्थानों पर हुई थी चोरी की वारदात
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 20 नवंबर 2024 को फरियादी विजय कामथकर, निवासी पीडब्ल्यूडी कॉलोनी, भगत सिंह वार्ड, बैतूल ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके सरकारी क्वार्टर में दिनदहाड़े किसी अज्ञात व्यक्ति ने घुसकर अलमारी से सोने-चाँदी के जेवरात चोरी कर लिए। इस पर थाना कोतवाली में धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।
वहीं 13 फरवरी 2025 को फरियादी धनश्याम झाड़े, निवासी महावीर वार्ड, सदर बैतूल ने बताया कि उनकी बेटी की शादी 12 फरवरी की रात कस्तूरी बाग मैरिज लॉन, इटारसी रोड, बैतूल में थी, जहाँ स्टेज पर रखे बैग से किसी अज्ञात व्यक्ति ने सोने-चाँदी के जेवरात चोरी कर लिए। पुलिस ने धारा 305 बीएनएस के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
एक आरोपी को किया गिरफ्तार, 3 फरार
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी एवं एसडीओपी बैतूल शिखा भलावी के मार्गदर्शन में थाना कोतवाली पुलिस, फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट निरीक्षक आबिद अंसारी और टीम द्वारा आरोपी अंकित उर्फ भूत (पिता राजू डेहरिया), उम्र 18 वर्ष, निवासी चॉदामेटा परासिया, जिला छिंदवाड़ा को 23 मई 2025 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी से चोरी गए जेवरात बरामद कर लिए गए हैं। आरोपियों से 1 सोने का हार पेंडल सहित, 18 नग सोने के मोती, 2 सोने के मंगलसूत्र पेंडल, 22 नग छोटे-बड़े मोती,2 सोने की बालियां,1 सोने की नाक की लौंग, 2 जोड़ी चाँदी की पायल,1 चाँदी का करधन,3 की अंगूठिया जब्त की है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
थाना प्रभारी निरीक्षक रविकांत डेहरिया, निरीक्षक आबिद अंसारी (फिंगरप्रिंट शाखा), उप निरीक्षक जगदीश प्रसाद ठाकुर, उप निरीक्षक नरेन्द्र ठाकुर, एएसआई अरुण यादव, प्रधान आरक्षक शुभम चौबे, ब्रजेश रघुवंशी, आरक्षक प्रदीप कहार, हर्षित डांगे एवं राहुल शर्मा ने इस कार्रवाई में महत्वपूर्ण योगदान दिया। पुलिस अब आरोपी के अन्य तीन साथियों की तलाश में जुटी है।



