Betul Today News: आमला के मोरखा नागदेव मंदिर के पास आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की मौत, दो गंभीर रूप से झुलसे
Betul Today News: A young man died and two were seriously burnt due to lightning near Morkha Nagdev temple in Amla

Betul Today News: बैतूल जिले के आमला ब्लाक के ग्राम मोरखा के नागदेव मंदिर के पास रविवार दोपहर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रविवार दोपहर में अचानक मौसम में आए परिवर्तन के चलते आसमान में आकाशीय बिजली की गड़गड़ाहट के साथ बारिश होने लगी।
जानकारी के अनुसार धनगौरी बाबा नागदेव मंदिर में पूजा अर्चना के लिए आए संजय उइके उम्र 21 साल निवासी ग्राम घोघरी सेलगांव, जारुलाल वटके 32 साल निवासी ग्राम खदवाडी, अंकुल मरकाम 22 साल निवासी घोघरी सेलगांव बारिश से बचने के लिए मंदिर के पास बेल नदी पर बनी पुलिया के समीप स्थित आम के पेड़ के नीचे जाकर खड़े हो गए। अचानक आकाशीय बिजली आम के पेड़ पर गिर गई। संजय, जारूलाल और अंकुल आकाशीय बिजली की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। साथ आए परिजनों ने डायल हंड्रेड को सूचना दी । तीनों घायलों को डायल हंड्रेड वाहन से बोरदेही के सरकारी अस्पताल में उपचार के लिए लाया। जहाँ पर डॉक्टर ने अंकुल मरकाम को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल संजय और जारूलाल की हालत गंभीर होने से दोनो को सरकारी अस्पताल आमला रेफर किया है।



