Guest Teacher News: बैतूल जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को चार माह से वेतन नहीं मिलने से शिक्षकों की आर्थिक स्थिति लड़खड़ा गई है। शिक्षकों ने कई बार वेतन की मांग की लेकिन, बजट के अभाव में वेतन नहीं दिया है। वेतन नहीं मिला तो शिक्षकों के सामने ओर परेशानी खड़ी हो जाएगी। जानकारी के मुताबिक जिले के शासकीय स्कूलों में कार्यरत अतिथि शिक्षकों को नवंबर, दिसंबर, जनवरी और फरवरी माह का वेतन अभी तक नहीं दिया है। शिक्षक महीनों से वेतन मिलने का इंतजार कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बजट नहीं होने के कारण वेतन नहीं मिल पाया है। इधर, शिक्षकों ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से गुजारा करना मुश्किल हो गया है। उधारी के पैसों से जरूरतों को पूरा किया जा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि नियमित शिक्षकों की तरह ही वे स्कूलों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं लेकिन उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जाता है। तात्कालीन मुख्यमंत्री ने नियमित शिक्षकों की तरह अतिथि शिक्षकों को महीने की एक तारीख को वेतन दिए जाने की घोषणा की थी। चुनाव के बाद नए मुख्यमंत्री बनने से व्यवस्था पुराने ढर्रे पर ही चल रही है।
अतिथि शिक्षक बोले जल्द दिया जाए वेतन
अतिथि शिक्षकों का कहना है कि उन्हें जल्द ही चार महीने का वेतन दिया जाए। आने वाले दिनों में शिवरात्रि सहित अन्य त्यौहार आने वाले हैं, वेतन नहीं मिला तो वे त्यौहार अच्छे से नहीं मना पाएंगे। त्यौहार के अलावा घर खर्च और बच्चों की पढ़ाई के लिए भी रुपयों की आवश्यकता पड़ती है। वेतन नहीं मिलने से उनकी जरूरतें पूरी नहीं हो पा रही है। जानकारी के अनुसार वर्ग एक के अतिथि शिक्षक को 18 हजार, वर्ग दो के शिक्षक को 14 हजार और वर्ग तीन के शिक्षक को 10 हजार रुपए वेतन दिया जाता है। अतिथि शिक्षकों का कहना है कि इतने कम वेतन में वे काम कर रहे हैं लेकिन इसमें भी समय पर वेतन नहीं मिल पाता है।
अतिथि शिक्षकों का कहना है कि तात्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने चुनाव के पहले घोषणा की थी कि शिक्षकों की संविदा भर्ती में अतिथि शिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी। जिसमें अतिथि शिक्षक होने पर 20 अंक अतिरिक्त ओर भर्ती में भी उनके लिए ओर भी प्राथमिकता रखी जाएगी, लेकिन तात्कालीन मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल नहीं किया जा रहा है। शिक्षकों का कहना है कि उन्हें संविदा शिक्षक भर्ती में अतिथि शिक्षकों को अनुभव का कोई लाभ नहीं दिया जा रहा है। पूर्व सीएम ने अतिथि शिक्षकों को स्कूल से नहीं निकालने की बात भी कहीं थी लेकिन इस पर भी कोई ठोस अमल नहीं है।
इनका कहना
– अतिथि शिक्षकों के वेतन के लिए बजट आ गया है और बिल लगाने का काम भी चल रहा है। एक-दो दिन के भीतर शिक्षकों को वेतन उपलब्ध हो जाएगा।
– सुबोध शर्मा, योजना अधिकारी जिला शिक्षा कार्यालय बैतूल।