MP Board Exam 2024: दसवीं बोर्ड की परीक्षा के पहले दिन नहीं बना एक भी नकल प्रकरण, 590 विद्यार्थी रहे अनुपस्थित
MP Board Exam 2024: Not a single cheating case was registered on the first day of 10th board exam, 590 students remained absent.
MP Board Exam 2024: बैतूल माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल द्वारा आयोजित बोर्ड परीक्षाएं सोमवार से प्रारंभ हो गई है। कक्षा 10 वीं का सोमवार को हिन्दी का पहला प्रश्र पत्र संपन्न हुआ। जिसमें कई विद्यार्थी परीक्षा से अनुपस्थित रहे है। संभाग और जिला स्तरीय उड़नदस्तों ने अलग-अलग परीक्षा केन्द्रों पर पहुंचकर निरीक्षण किया है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक बोर्ड परीक्षा के लिए बैतूल जिले में कुल 128 परीक्षा केन्द्र बनाए गए, जिसमें 16 केन्द्र संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखे गए है। कक्षा 10 वीं में कुल 21 हजार 288 विद्यार्थी सम्मिलित होना था। कुल 20 हजार 698 विद्यार्थी उपस्थित रहे और 590 विद्यार्थी परीक्षा में अनुपस्थित रहे है। पहले दिन किसी भी केन्द्र पर नकल प्रकरण बनने की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। प्रश्र पत्र सुबह 9 बजे से प्रारंभ हुआ। डेढ़ घंटे पहले ही विद्यार्थियों को परीक्षा केन्द्र पर बुला लिया था। सभी परीक्षा केन्द्रों पर विद्यार्थियों की चैकिंग की गई। इसके बाद ही उन्हें परीक्षा हाल में प्रवेश दिया गया। पहला हिन्दी का प्रश्र पत्र होने और अच्छा प्रश्र पत्र जाने से विद्यार्थियों के चेहरे पर खुशी भी देखने को मिली। उड़नदस्तों ने किया 9 परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण
प्राप्त जानकारी के मुताबिक बोर्ड की परीक्षा में केन्द्रों का निरीक्षण करने के लिए संभाग और जिला स्तरीय उड़नदस्तों ने कई परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। संभाग स्तरीय उड़नदस्ता प्रभारी ज्योति प्रहलादी और सहायक इन्द्रेश बचले ने कई परीक्षा केन्द्रों का जायजा लिया है। इसके अलावा जिला स्तरीय बने अधिकारियों के उड़नदस्तों ने उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आमला, उत्कृष्ट विद्यालय आमला, उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय भडूस, उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और हाईस्कूल परीक्षा केन्द्र खेड़ीसांवलीगढ़, जिला मुख्यालय पर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुभाष स्कूल, न्यू बैतूल स्कूल, हमलापुर स्कूल परीक्षा सहित केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था देखी। उड़नदस्तों की 16 संवेदनशील और अतिसंवेदनशील केन्द्रों पर सबसे ज्यादा नजर बनी हुई है। इन केन्द्रों का सबसे ज्यादा निरीक्षण हुआ है।
मंगलवार से शुरू होगी 12 वीं बोर्ड की परीक्षा
मंगलवार 6 फरवरी से हायर सेकेण्डरी की बोर्ड परीक्षा भी प्रारंभ हो रही है। परीक्षा को लेकर पहले से ही तैयारियां पूरी कर ली गई। कक्षा 12 वीं में कुल 17 हजार 516 विद्यार्थी परीक्षा में सम्मिलित होंगे। परीक्षा सुबह 9 बजे से 12 बजे तक चलेगी। 12 के विद्यार्थियों को भी पहले दिन डेढ़ घंटे पहले परीक्षा केन्द्र पर बुलाया गया है। हायर सेकेण्डरी का पहला हिन्दी का प्रश्र पत्र होगा। विद्यार्थियों को निर्देश दिए है कि वे परीक्षा के दौरान कोई भी अनुचित साधन का उपयोग न करें, अन्यथा कार्रवाई की जाएगी। प्रवेश पत्र, पेन, पैंसिल के अलावा अन्य कोई इलेक्ट्रानिक्स डिवाईस नहीं लाने के निर्देश दिए है।



