Betul crime news today: रेडीमेड कपड़े की दुकान में चोरी, सीसीटीवी में आराम से पैसे के गिनते दिख रहा चोर
Betul crime news today: Theft in readymade clothes shop, thief seen counting money comfortably in CCTV
Betul crime news today: बैतूल गंज व्यवसायिक क्षेत्र में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ंले रही है। बार-बार हो रही चोरी से व्यापारियों में खासा आक्रोश है। पुलिस चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो रही है। चोर इतने बेखौफ है कि व्यस्ततम क्षेत्र में चोरी को अंजाम दे रहे है। शनिवार की रात को चोरों ने रेडीमेड कपड़े की दुकान को निशाना बनाकर चोरी को अंजाम दिया। दुकान से नगद रूपये पर हाथ साफ कर दिए है। चोरी की घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सूचना मिलने पर एसडीओपी सृष्टि भार्गव, गंज थाना प्रभारी एबी मर्सकोले मौके पर पहुंचे और उन्होंने दुकान का निरीक्षण किया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक गंज राधाकृष्ण मंदिर स्थित साड़ी सरोवर कपड़ा दुकान में अज्ञात चोर ने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। चोर दुकान के बाजू में बनी सीढ़ी से द्वितीय मंजिल पहुंचा जहां से शटर तोड़कर चोर अंदर घुसा और उसने चोरी की घटना को अंजाम दिया है। दुकान के संचालक संतोष तोमर ने बताया कि दुकान में रखे 23 हजार 700 रूपये नगद अज्ञात चोर ने चोरी कर लिए है। अभी सामान चोरी की कोई जानकारी सामने नहीं आई है। दुकान संचालक का कहना है कि सामान चेक करने के बाद ही पता चलेगा कि और क्या चोरी हुआ है। फिलहाल नगदी रूपये पर हाथ साफ करने की जानकारी सामने आई है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई वारदात (Incident captured in CCTV footage)
चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। एक अज्ञात युवक मुंह पर कपड़ा बांधकर सीढिय़ों से आते दिख रहा है। द्वितीय तल से चोर नीचे आया और उसने प्रथम तल में कैश काउंटर को देखा। काउंटर से पैसे निकालने के बाद वह वहीं पर बैठकर पैसे गिनते हुए दिख रहा है। हालांकि मुंह पर कपड़ा बंधा होने के कारण चोर की साफ तस्वीर नहीं दिखाई दे रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरी की वारदात शनिवार रात लगभग डेढ़ बजे की है।

पिछली चोरी का भी नहीं हुआ खुलासा
गत दिनों गंज क्षेत्र में चार दुकानों में चोरी की घटना हुई थी। इन चोरी की घटनाओं का भी अभी तक खुलासा नहीं हुआ और चोरों ने और एक कपड़ा दुकान को निशाना बनाकर चोरी को अंजाम दिया है। पुलिस का मुखबिर तंत्र इतना कमजोर है कि एक महीने से अधिक का समय बीत जाने के बावजूद पिछली चोरी का खुलासा नहीं कर पाएं।
व्यापारियों में पनप रहा आक्रोश
गंज क्षेत्र में बढ़ती चोरी की घटनाओं के कारण व्यापारियों में खासा आक्रोश है। व्यापारियों ने पिछली चोरी के दौरान ही पुलिस से शिकायत की थी कि गंज क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त नहीं हो रही है, जिसके कारण चोरी की घटनाएं बढ़ रही है। गंज क्षेत्र में पुलिस की रात्रि गश्त को बढ़ाया जाए। व्यापारियों की मांग को पुलिस ने अभी तक गंभीरता से नहीं लिया है। नतीजा यह सामने आ रहा है कि चोरी की घटनाएं बढ़ते जा रही है। व्यापारियों को लाखों रूपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। व्यापारियों का कहना है कि पुलिस ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लगाया तो वे सड़क पर उतरने को मजबूर होंगे, जिसकी जवाबदारी शासन-प्रशासन की होगी।



