Betul News : कलेक्टर ने बिना मैदानी निरीक्षण के कार्य प्रस्तावित करने पर जताई नाराजगी, लापरवाह इंजीनियर्स पर कार्रवाई और सहायक यंत्री की दो वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश

जल संरक्षण के कार्यों की फील्ड विजिट कर करें प्लानिंग, लापरवाही पर होगी वसूली – कलेक्टर डॉ सोनवणे

Betul News : बैतूल कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के कार्यों की ब्लॉकवार विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने वीबी-रामजी योजना के अंतर्गत विभिन्न ब्लॉकों में प्रस्तावित वॉटरशेड, स्कूल भवन मरम्मत, आंगनवाड़ी भवन, पशु शेड, खेल मैदान, आजीविका सहित अन्य कार्यों की प्रगति एवं कार्ययोजना की जानकारी ली।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने अधिकारियों एवं इंजीनियर्स को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी प्रस्तावित कार्यों की प्लानिंग मैदानी भ्रमण और स्थानीय आवश्यकताओं के आकलन के आधार पर की जाए। इंजीनियर्स, परियोजना अधिकारी एवं अन्य मैदानी अधिकारी गांवों में जाकर ग्रामीणों से चर्चा करें और उनकी जरूरतों के अनुरूप जल संरक्षण संरचनाओं का चयन करें। उन्होंने बिना फील्ड विजिट किए कार्य प्रस्तावित किए जाने पर नाराजगी जाहिर करते हुए व्यवस्थित एवं परिणामोन्मुखी प्लानिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अधिकारी गांवों में जाकर नालों एवं नदियों का भ्रमण करें तथा स्थल की परिस्थितियों के अनुसार चेकडैम, बोल्डर चेकडैम, कंटूर ट्रेंच एवं गेबियन संरचनाओं के प्रस्ताव तैयार करें। इन कार्यों का उद्देश्य केवल निर्माण तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि इनके माध्यम से जल संरक्षण एवं भूजल स्तर में वृद्धि के ठोस परिणाम भी दिखाई देने चाहिए। कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों से वसूली की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

निर्माण कार्यों में लापरवाही पर कलेक्टर ने शाहपुर के सहायक यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा श्री सतीश केराना की दो वेतनवृद्धियां रोकने के लिए कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को निर्देशित किया। उन्होंने लापरवाह इंजीनियर्स के कार्यों में अपेक्षित प्रगति आने तक वेतन आहरण पर रोक लगाने तथा उनके अवकाश पर भी प्रतिबंध लगाने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व में स्वीकृत पुराने खेत तालाबों की वर्तमान स्थिति की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

कलेक्टर डॉ सोनवणे ने सभी जनपद पंचायतों में जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, अतिरिक्त कक्ष निर्माण, बाउंड्रीवॉल, आंगनवाड़ी भवनों की मरम्मत, लाइब्रेरी, पशु शेड एवं आजीविका गतिविधियों के लिए स्थल चयन, वित्तीय प्रबंधन तथा क्रियान्वयन की सुव्यवस्थित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य स्थानीय जरूरतों एवं प्राथमिकताओं को ध्यान में रखकर प्रस्तावित किए जाएं, ताकि योजनाओं का लाभ ग्रामीणों को प्रभावी ढंग से मिल सके।

इसके अतिरिक्त कलेक्टर ने उप स्वास्थ्य केंद्रों में पेयजल की समस्या के समाधान के लिए सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को अपने क्षेत्र के खंड चिकित्सा अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल सहित सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button