Betul Road Accident : ट्रैक्टर-बाइक की सीधी भिड़ंत, दो युवकों की मौके पर मौत, हादसे की जांच में जुटी पुलिस

इटावा-मुलताई-बोरदेही मार्ग पर हुआ सड़क हादसा, एक युवक गंभीर रूप से घायल

Betul Road Accident :  बैतूल में साल के आखिरी दो महीने नवंबर और दिसंबर सड़क हादसों के लिहाज से भारी साबित हो रहे हैं। जिले में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही दुर्घटनाएं चिंता बढ़ा रही हैं। मंगलवार देर शाम बोरदेही थाना क्षेत्र के ग्राम इटावा में ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दो युवकों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि एक युवक का हाथ कटकर शरीर से अलग हो गया।

टी-प्वाइंट पर हुआ भीषण हादसा

प्राप्त जानकारी के अनुसार इटावा-मुलताई-बोरदेही टी-प्वाइंट पर मंगलवार देर शाम लाल रंग के मेसी ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक के बीच सीधी टक्कर हो गई। बाइक पर तीन लोग सवार थे, जो बोरदेही से अपने गांव बीसखान जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पठाड़ा, थाना मुलताई निवासी मेस पिता सुखीराम धुर्वे (35) और बीसखान निवासी प्रकाश पिता झनीराम उइके (30) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार बीसखान निवासी मनीराम पिता भास्कू उइके (50) गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस ने जब्त किया ट्रैक्टर-ट्रॉली

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बोरदेही पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल मनीराम को उपचार के लिए आमला अस्पताल पहुंचाया। वहीं, दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाने में खड़ा कराया गया है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। लगातार सामने आ रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button