Betul News : बैतूल में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन, खेल और उद्योग के क्षेत्र में तेजी से हो रहा विकास: हेमंत खंडेलवाल

प्रदेश में सड़क, बिजली, सिंचाई, उद्योग, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति, मध्य प्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रम आयोजित

Betul News : बैतूल मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर 1 नवंबर को जेएच कॉलेज के ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल, आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, घोड़ाडोंगरी विधायक श्रीमती गंगा सज्जन सिंह उईके,नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पार्वतीबाई बारस्कर, जिला विकास सलाहकार समिति सदस्य श्री सुधाकर पवार, श्री कमलेश सिंह, श्री राजेश आहूजा, सहित कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री गणेश जायसवाल उपस्थित थे।

सर्वप्रथम मुख्य अतिथियों ने मां सरस्वती के छायाचित्र समक्ष द्वीप प्रज्वलित किया। तत्पश्चात राष्ट्रगीत वंदे मातरम, राष्ट्रगान व मध्य प्रदेश गान के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम नृत्य की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथियों ने विभिन्न विभागों के योजनाओं के लाभांवित हितग्राहियों को हितलाभ वितरण और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी के परिजनों का सम्मान भी किया।

मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर बैतूल में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश अपनी विविध संस्कृतियों, परंपराओं और प्राकृतिक संपदा को साथ लेकर आगे बढ़ने वाला देश का अनूठा राज्य है। प्रदेश ने पिछले वर्षों में सड़क, बिजली, सिंचाई, उद्योग, पर्यटन और अधोसंरचना के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। इसी विकास यात्रा में बैतूल भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बैतूल आज नगर से महानगर की ओर बढ़ रहा है। आने वाले समय में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, उद्योग, खेल,संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में व्यापक विकास के साथ बैतूल की तस्वीर पूरी तरह बदलने वाली है।
श्री खंडेलवाल ने कहा कि पहले बैतूल जिले के अनेक गांव बरसात के दिनों में मुख्यालय से कट जाते थे। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के बाद जिले में सड़क अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हुआ और दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर हुई। बैतूल से भोपाल,नागपुर और प्रदेश के अन्य प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी लगातार मजबूत हुई है। आने वाले समय में अन्य फोरलेन परियोजनाओं से जिले की कनेक्टिविटी और मजबूत होगी।

—उद्योग और रोजगार के नए अवसर होंगे विकसित

विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि बैतूल में औद्योगिक विकास के लिए भूमि की उपलब्धता बड़ी चुनौती रही है, क्योंकि जिले का बड़ा भू-भाग वन क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। इसके समाधान के लिए अनुपयोगी एवं खाली भूमि के संबंध में भूमि अदला-बदली की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। आने वाले समय में बैतूल को 1000 एकड़ से अधिक का लैंड बैंक उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इससे जिले में नए उद्योग स्थापित होंगे और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

—फ़ुटबॉल और क्रिकेट स्टेडियम से खेल सुविधाओं का होगा विस्तार—

उन्होंने कहा कि बैतूल के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। जिले में क्रिकेट, फुटबॉल, हॉकी, वॉलीबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और स्विमिंग सहित विभिन्न खेलों के लिए आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की तैयारी है। प्रयास है कि बैतूल के खिलाड़ियों को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बड़े शहरों पर निर्भर न रहना पड़े।

—पर्यटन के क्षेत्र में बैतूल की नई पहचान—

विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि खेड़ला किला, मुलताई का ताप्ती उद्गम, सतपुड़ा क्षेत्र और कुकरू बैतूल की समृद्ध प्राकृतिक एवं सांस्कृतिक विरासत के महत्वपूर्ण केंद्र हैं। कुकरू को मध्यप्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व और बैतूल में बटरफ्लाई पार्क जैसी योजनाओं से वन्यजीव एवं जैव विविधता संरक्षण के साथ पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

—बड़े ऑडिटोरियम से सांस्कृतिक गतिविधियों को मिलेगा मंच—

विधायक श्री ने कहा कि बैतूल में बड़े सांस्कृतिक आयोजनों के लिए आधुनिक ऑडिटोरियम की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। आने वाले समय में बैतूल में बड़े और आधुनिक ऑडिटोरियम का निर्माण किया जाएगा, जिससे राष्ट्रीय स्तर के कलाकारों के कार्यक्रम आयोजित हो सकेंगे और स्थानीय कलाकारों को भी बेहतर मंच मिलेगा।

—भारत के केंद्र बिंदु क्षेत्र का भी होगा विकास—

उन्होंने कहा कि बैतूल के बरसाली के समीप स्थित भारत के केंद्र बिंदु के रूप में पहचान रखने वाले क्षेत्र के विकास की भी योजना बनाई जा रही है। इस क्षेत्र को पर्यटन और ऐतिहासिक दृष्टि से विकसित कर बैतूल की विशिष्ट पहचान को देश और दुनिया के सामने लाया जाएगा। विधायक श्री खंडेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। बैतूल में भी सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, सिंचाई, बिजली, उद्योग, खेल, संस्कृति और पर्यटन के क्षेत्र में विकास की गति को और तेज किया जाएगा। आने वाले समय में बैतूल की पहचान एक विकसित, आधुनिक और सुविधायुक्त शहर के रूप में होगी। हमारा बैतूल नगर से महानगर की ओर बढ़ रहा है।

—मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा: विधायक डॉ पंडाग्रे—

आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि हम सभी के लिए यह गर्व का विषय है कि आज 1 नवंबर को हम सब मिलकर मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस मना रहे हैं। आज का दिन हमारे लिए ऐतिहासिक और गौरवशाली है। 1 नवंबर 1956 को मध्यप्रदेश का गठन हुआ था। यह प्रदेश अपनी प्राकृतिक संपदा, ऐतिहासिक गौरव, समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं और विरासत के लिए देशभर में विशिष्ट पहचान रखता है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश की धरती भगवान महाकाल की नगरी उज्जैन, विश्व प्रसिद्ध सांची स्तूप और अनेक ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थलों के लिए जानी जाती है। यहां की संस्कृति, परंपराएं और प्राकृतिक विविधता प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। विधायक डॉ. पंडाग्रे ने कहा कि मध्यप्रदेश ने पिछले 25 वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। सिंचाई के क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। कभी सीमित सिंचाई संसाधनों वाला मध्यप्रदेश आज कृषि और सिंचाई के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ रहा है। प्रदेश का बजट भी पहले की तुलना में कई गुना बढ़ा है, जिससे विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को गति मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

—अतिथियों ने विभागीय प्रदर्शनियों का किया अवलोकन—

कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
किसान कल्याण तथा कृषि विभाग के स्टॉल के अवलोकन के दौरान विधायक श्री खंडेलवाल ने प्राकृतिक खेती मिशन के अंतर्गत किसानों द्वारा तैयार किए जा रहे जैविक उत्पादों का अवलोकन किया। इनमें जैविक दाल, पनीर, डेयरी उत्पाद एवं गुड़ शामिल रहे। उन्होंने किसानों से जैविक खाद के उपयोग, उत्पादन प्रक्रिया एवं उत्पादों से होने वाली आय के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए किसानों के प्रयासों की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण और किसानों की आय बढ़ाने के लिए उपयोगी बताया।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्टॉल के अवलोकन के दौरान विधायक श्री खंडेलवाल ने स्व-सहायता समूह की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए बैम्बू क्राफ्ट, ब्रास मेटल हस्तशिल्प एवं मिलेट्स उत्पादों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों को जोड़कर उनके उत्पादों की ब्रांडिंग की जाए तथा उत्पादों की बिक्री के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जाए, ताकि महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर मिलने के साथ उनकी आय में भी वृद्धि हो सके।

लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के स्टॉल के निरीक्षण के दौरान उन्होंने जल जीवन मिशन के अंतर्गत नवाचार ओआईटी आधारित ऑटोमेटिक वाटर सप्लाई सिस्टम की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने इस तकनीक के माध्यम से जल आपूर्ति की निगरानी, संचालन एवं व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।
महिला एवं बाल विकास विभाग के स्टॉल के अवलोकन के दौरान विधायक श्री खंडेलवाल ने ईसीसीई कॉर्नर का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने खिलौनों एवं विभिन्न शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से बच्चों को दी जा रही खेल-खेल में सीखने की गतिविधियों की जानकारी ली।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button