Betul News : बैतूल के योगी देशमुख का राष्ट्रीय छात्र संसद में चयन, ताप्ती मंदिर जीर्णोद्धार एवं कॉरिडोर का रखेंगे विषय
Betul News: Yogi Deshmukh from Betul selected for the National Student Parliament; he will present the issue of the Tapti Temple's renovation and corridor project.
Betul News : मुलताई एवं जे.एच. कॉलेज बैतूल के होनहार विद्यार्थी योगी रमेश देशमुख का चयन देश की प्रतिष्ठित ‘तूर्यनाद’ राष्ट्रीय छात्र संसद के लिए हुआ है। छात्र संसद का आयोजन 12 सितंबर को एनआईटी, भोपाल में किया जाएगा, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से चयनित विद्यार्थी अपने विचार एवं क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत करेंगे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महामहिम राज्यपाल उपस्थित रहेंगे।
राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतिष्ठित छात्र संसद में योगी देशमुख, ताप्ती मंदिर जीर्णोद्धार एवं कॉरिडोर के विषय को प्रमुखता से उठाएंगे। इसके साथ ही वे मुलताई में ट्रेनों के स्टॉपेज बढ़ाने, नगर की मुख्य सड़क के विस्तार और जनजातीय क्षेत्र भीमपुर-चिचोली में जल व्यवस्था सहित क्षेत्र के विकास व जनहित से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों को भी सदन के समक्ष मजबूती से रखेंगे।
इससे पूर्व भी योगी का चयन मध्य प्रदेश विधानसभा में भाषण प्रस्तुत करने के लिए भी हो चुका है। उन्होंने राज्य स्तर पर नशा मुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्ति का संदेश देकर युवाओं को जागरूक करने का महत्वपूर्ण प्रयास किया है।राष्ट्रीय छात्र संसद में चयन उनके लिए ही नहीं, बल्कि जे.एच. कॉलेज, मुलताई एवं पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है।
योगी के चयन पर कॉलेज प्राचार्य मीनाक्षी चौबे ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे महाविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने योगी देशमुख को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, निरंतर सफलता एवं व्यक्तित्व के उत्तरोत्तर विकास की कामना की। प्राचार्य ने कहा कि विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने और सामाजिक सरोकारों से जुड़कर कार्य करने के लिए प्रेरित करती हैं।


