Betul News : कलेक्टर ने लापरवाह जूनियर इंजीनियर के विरुद्ध कार्रवाई के दिये निर्देश

Betul News: Collector orders action against negligent Junior Engineer.

Betul News : बैतूल  कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को चिचोली जनपद कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई में आमजन की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। जनसुनवाई में बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क, नाली, बिजली, अतिक्रमण, राजस्व, सीमांकन, पारिवारिक विवाद से जुड़ी शिकायतों को लेकर पहुंचे। जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने चिचोली जनपद से संबंधित सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों पर आवेदकों की उपस्थिति में सुनवाई की। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं धनियाजाम पंचायत की शिकायतों की कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा तथा एडिशनल सीईओ को जांच करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कलेक्टर ने लगभग 123 आवेदनों पर सुनवाई की।

कलेक्टर ने एमपीईबी को पोल शिफ्टिंग के दिए निर्देश—
जनसुनवाई में ग्राम चूड़ियां निवासी सालकराम यादव ने कृषि भूमि पर विद्युत कनेक्शन लगवाए जाने आवेदन दिया। आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुन कलेक्टर ने लापरवाही पर संबंधित जूनियर इंजीनियर के विरुद्ध कार्रवाई करने और शीघ्र कनेक्शन देने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्राम चूड़िया के ग्रामीणों ने बिजली विभाग द्वारा सड़क पर खंबे गाड़ने से आवागमन बाधित होने की शिकायत की। जिस पर कलेक्टर ने एमपीईबी के अधिकारियों को बिजली पोल शिफ्टिंग करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार ग्राम जीन निवासी धर्मेंद्र धोटे द्वारा बिजली पोल लगाए जाने की आवेदन पर कलेक्टर ने एमपीईबी के जीएम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

–ग्रामीणों ने की पुल और बैराज बनाने की मांग–

जनसुनवाई में ग्राम चूड़िया के ग्रामीणों द्वारा मोरण्ड एवं कोंढर नदी पर पुल निर्माण किए जाने के आवेदन पर कलेक्टर ने पीएमजीएसवाई के अधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार रामकिशन यादव द्वारा मोरण्ड नदी पर बैराज बनाने के आवेदन पर कलेक्टर ने जल संसाधन विभाग के ईई को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। गंगाराम द्वारा भूमि से संबंधित जानकारी दस्तावेज एवं भूमि जांच करवाए जाने के आवेदन पर कलेक्टर ने वन विभाग को जांच कर प्रकरण के निराकरण के निर्देश दिए। ग्राम सिपलई निवासी राजीव सोनी ने खेत में बनाई गई सीमेंट रोड की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने चिचोली तहसीलदार को जांच के निर्देश दिए।

 

-बिजली समस्या पर दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश-
जनसुनवाई में ग्राम गोंडूमंडई के किसानों ने एलटी लाइन के तार चोरी होने, ट्रांसफार्मर बंद होने और फसल नुकसान की शिकायत की। प्राप्त शिकायत पर कलेक्टर ने संबंधित थाना प्रभारी को विद्युत तार चोरी के मामले में आपराधिक प्रकरण दर्ज करने तथा विद्युत विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्रामीणों ने ग्राम सिंगराई खापा में एनएच-47 किनारे पक्की नाली निर्माण किए जाने के लिए आवेदन दिया। प्राप्त आवेदन पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी को पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button