Betul Congress News : कांग्रेस ने भाजपा से पूछे 11 सवाल, किसानों से लेकर मेडिकल कॉलेज और बेरोजगारी तक उठाए मुद्दे
Betul Congress News: Congress asked 11 questions to BJP, raised issues ranging from farmers to medical colleges and unemployment.
Betul Congress News : बैतूल में शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए भाजपा से 11 सवाल पूछे और विभिन्न जनहित मुद्दों पर जवाब मांगा। इस दौरान संगठन महासचिव बृजभूषण पांडे, कांग्रेस प्रवक्ता लवकेश (बब्बा) राठौर एवं सोशल मीडिया प्रभारी उमाकांत शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि किसानों को पंजीयन के दौरान लगातार पोर्टल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि करोड़ों लोग आईपीएल मैच देखते हैं तब सर्वर डाउन नहीं होता, लेकिन 50 हजार किसान पंजीयन कराने जाएं तो पोर्टल बंद हो जाता है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से व्यापारिक मित्रों को लाभ पहुंचाया जा रहा है, जबकि किसान परेशान हैं।
महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के मुद्दे पर कांग्रेस ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि नारी सम्मान की बात करने वाली पार्टी में महिलाओं के खिलाफ अपराध और विवादित बयान देने वाले नेताओं की भरमार क्यों है। कांग्रेस ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर भी भाजपा पर भ्रामक प्रचार करने का आरोप लगाया।
शिक्षा और रोजगार के मुद्दे पर कांग्रेस ने कहा कि प्रदेश में 93 हजार स्कूल बंद किए गए हैं। बैतूल जिले में उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पर्याप्त संस्थाएं नहीं हैं। शिक्षक भर्ती परीक्षा पास अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति नहीं मिलने पर भी सवाल उठाए गए। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि 2023 चुनाव में 10 हजार रोजगार देने की घोषणा केवल चुनावी वादा बनकर रह गई।
महंगाई को लेकर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि गैस सिलेंडर के दाम लगभग एक हजार रुपए तक पहुंचने से छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी वालों का रोजगार प्रभावित हो रहा है। सारनी पावर प्लांट की घोषणा को भी कांग्रेस ने अधूरी घोषणा बताया।
बर्राढाना पीड़ितों को सहायता नहीं मिलने, कफ सिरप से बच्चों की मौत के मामलों में पीड़ित परिवारों को मदद नहीं मिलने तथा दोषियों पर कार्रवाई नहीं होने का मुद्दा भी पत्रकार वार्ता में उठाया गया। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रभावित परिवारों को केवल आश्वासन दिए गए हैं।
कोठीबाजार गांधी चौक में पार्किंग निर्माण के लिए पुराने पेड़ों की कटाई पर भी कांग्रेस ने आपत्ति जताई। नेताओं ने कहा कि करोड़ों रुपए की लागत वाली पार्किंग से आम लोगों को कम लाभ मिलेगा और इससे पर्यावरण को नुकसान पहुंचा है।
इसके अलावा बैतूल बाजार में कृषि महाविद्यालय के भूमिपूजन के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने तथा मेडिकल कॉलेज परियोजना के कार्य में देरी को लेकर भी कांग्रेस ने भाजपा सरकार को घेरा। कांग्रेस ने बैतूल शहर में बन रही व्हाइट टॉपिंग सड़क में भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भाजपा सरकार को इन सभी मुद्दों पर जनता के सामने जवाब देना चाहिए।



