Betul Congress Protest : किसानों की समस्याओं को लेकर कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन, PM और गैस सिलेंडर की निकाली अर्थी

Betul Congress Protest: Congress staged a sit-in protest over farmers' issues, carrying the PM and a gas cylinder in a funeral procession.

Betul Congress Protest :   बैतूल किसानों और आमजन से जुड़ी समस्याओं को लेकर गुरुवार को जिला मुख्यालय पर कांग्रेस कमेटी के जिला अध्यक्ष निलय डागा के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा जोरदार धरना-प्रदर्शन किया गया। शहर के ओपन ऑडिटोरियम में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और किसान शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान प्रशासनिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कलेक्ट्रेट कार्यालय के समीप एहतियातन दो दमकल वाहन भी खड़े किए गए, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने प्रधानमंत्री और गैस सिलेंडर की अर्थी निकालीऔर कलेक्ट कार्यालय के सामने जलाया गया। 
 प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने जिले में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि प्रभावित किसानों को तत्काल सर्वे कराकर मुआवजा राशि प्रदान की जाए। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि प्राकृतिक आपदा से किसानों की आर्थिक स्थिति कमजोर हो गई है, ऐसे में राहत राशि जल्द देना जरूरी है। प्रदर्शन के दौरान किसानों से जुड़े आर्थिक मुद्दों को लेकर भी सरकार को घेरा गया।
कांग्रेस ने समर्थन मूल्य बढ़ाने की मांग करते हुए गेहूं का भाव 3 हजार रुपए प्रति क्विंटल, मक्का 2400 रुपए तथा सोयाबीन 6 हजार रुपए प्रति क्विंटल निर्धारित करने की मांग की। साथ ही किसानों को दिन में कम से कम 14 घंटे थ्री-फेस बिजली उपलब्ध कराने और बढ़ते विद्युत भार को देखते हुए अतिरिक्त ट्रांसफार्मर लगाने की मांग भी उठाई गई। कांग्रेस नेताओं ने खाद की कालाबाजारी पर रोक लगाने और किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने की मांग की। बैंक ऋण से परेशान किसानों को राहत देने के लिए ऋण पर ब्याज माफ करने तथा वसूली की अंतिम तिथि 30 अप्रैल तक बढ़ाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल रही। इसके अलावा बिजली चोरी और नरवाई जलाने के नाम पर किसानों पर दर्ज किए जा रहे कथित झूठे प्रकरण वापस लेने की मांग भी की गई। सामाजिक मुद्दों को उठाते हुए कांग्रेस ने मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना में 200 जोड़ों की सीमा बढ़ाकर 800 करने की मांग की, ताकि अधिक गरीब परिवार योजना का लाभ ले सकें। वहीं बोरीकास और डोलियामहू क्षेत्र में डूब प्रभावित किसानों को पक्का मकान उपलब्ध कराने तथा भीमपुर, बरर्रकासिया, रामजीढाना, कोथलकुंड और चूडिय़ा सहित आदिवासी क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। प्रदर्शन के दौरान असम के मुख्यमंत्री द्वारा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर भी नाराजगी जताई गई और संबंधित मामले में एफआईआर दर्ज करने की मांग की गई। धरना समाप्ति के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन को 10 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा, ब्रजभूषण पांडे, समीर खान, मनोज मालवे, गोपाल कृष्ण शर्मा, गौतम व्यास, रामू टेकाम, धरमू सिंह सिरसाम, पुष्पा पेंद्राम, राहुल उइके, मनोज आहूजा, सुमित शिवहरे, नितिन गाडरे, मोनू वाघ, किशोर सिंह परिहार, महेंद्र भारती, प्रताप उइके, युवक कांग्रेस अध्यक्ष संजय यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button