Betul Congress News : कांग्रेस जिलाध्यक्ष निलय डागा ने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष पर बोला हमला, 25 वर्षो का मांगा हिसाब, खड़े किये कई सवाल
Betul Congress News: Congress District President Nilay Daga attacked the BJP State President, demanded an account of 25 years, raised many questions.
Betul Congress News : बैतूल जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष निलय डागा ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के हालिया विकास दावों पर सीधा सवाल खड़ा करते हुए कहा कि सबसे पहले यह आकलन होना चाहिए कि पच्चीस वर्षों की सत्ता में वास्तविक विकास किसका हुआ। उन्होंने कहा कि जनता को यह समझना होगा कि भाषणों में विकास और जमीन पर दिखता विकास, दोनों अलग-अलग तस्वीरें पेश कर रहे हैं।निलय डागा ने कहा कि चुनाव दर चुनाव दस हजार युवाओं को रोजगार देने जैसे बड़े वादे किए गए थे। उनका कहना है कि यदि इन दावों की तुलना वर्तमान स्थिति से की जाए तो यह मूल्यांकन जरूरी है कि रोजगार के अवसरों में वास्तविक वृद्धि कितनी हुई और स्थानीय युवाओं को कितना लाभ मिला। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जिस अवधि में आपकी आर्थिक और संस्थागत स्थिति में उल्लेखनीय विस्तार दिखाई देता है, उसी अवधि में क्षेत्र के युवाओं की रोजगार स्थिति का भी समान रूप से विश्लेषण होना चाहिए, ताकि विकास की तस्वीर संतुलित रूप से सामने आ सके।
निलय डागा ने कहा कि करोड़ों की लागत से निर्मित ताप्ती बैराज के हर वर्ष क्षतिग्रस्त होने और मरम्मत की खबरें सामने आती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यदि निर्माण गुणवत्ता के साथ हुआ होता तो बार-बार टूटने की नौबत क्यों आती। जनता यह जानना चाहती है कि करोड़ों रुपए खर्च होने के बावजूद स्थायी समाधान क्यों नहीं मिला। उनके अनुसार यह परियोजना विकास से ज्यादा बदइंतजामी और संभावित भ्रष्टाचार की प्रतीक बनती जा रही है।
– आज भी भ्रष्टाचार की गवाही दे रहे माचना में लगे पोल
उन्होंने ताप्ती बैराज से पानी लाने के लिए माचना करबला का उदाहरण देते हुए कहा कि पाइपलाइन के लिए लगाए गए पोल बारिश में बह गए थे और आज भी वह तस्वीरें भ्रष्टाचार की गवाही देती हैं।
कांग्रेस जिला अध्यक्ष निलय डागा ने लाखापुर डेम का मुद्दा उठाते हुए कहा कि वर्षों पहले पाइपलाइन के माध्यम से शहर तक पानी लाने की बात कही गई थी, लेकिन आज तक यह सपना साकार नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि यदि योजनाएं स्वीकृत हुई थीं तो फिर धरातल पर उनका परिणाम क्यों नहीं दिख रहा। जनता को यह बताया जाना चाहिए कि परियोजनाओं पर कितना खर्च हुआ और क्या हासिल हुआ।
– पच्चीस साल का तुलनात्मक आकलन भी बताएं प्रदेश अध्यक्ष
निलय डागा ने कहा कि जनता को यह बताया जाना चाहिए कि पच्चीस वर्ष पहले क्षेत्र की स्थिति क्या थी और आज क्या है।
यह भी बताना चाहिए कि जनप्रतिनिधि का विकास कितना हुआ और क्षेत्र का विकास कितना हुआ। पच्चीस वर्ष पहले क्षेत्र की स्थिति क्या थी और आज क्या है, इसका सार्वजनिक आकलन होना चाहिए।

– स्टेडियम, रिंग रोड और मेडिकल कॉलेज पर सवाल
कोठी बाजार स्टेडियम को वर्ल्ड क्लास बनाने की घोषणा का उल्लेख करते हुए निलय डागा ने कहा कि आज भी स्टेडियम अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। रिंग रोड के भूमि पूजन और स्वीकृति के दावों पर उन्होंने कहा कि आज तक स्पष्ट स्वीकृति और कार्य प्रगति का कोई ठोस प्रमाण सामने नहीं आया। उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेज के वादे को भी मुद्दा बनाते हुए कहा कि सरकारी संस्थान के बजाय निजी मेडिकल कॉलेज खोलकर जनता पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
निलय डागा ने स्पष्ट कहा कि जनता अब तुलना करेगी, विश्लेषण करेगी और तय करेगी कि विकास के दावों में कितना दम है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना अपराध नहीं, अधिकार है, और कांग्रेस जनता की आवाज बनकर यह सवाल उठाती रहेगी।



