Betul News : महाशिवरात्रि पर आस्था, सेवा और मानवता का महाकुंभ: बैतूल में तीन दिवसीय विशाल भंडारे की शुरुआत
Betul News: Mahakumbh of faith, service and humanity on Mahashivratri: Three-day huge feast begins in Betul
Betul News : बैतूल में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बैतूल शहर एक बार फिर भक्ति, सेवा और सामाजिक समरसता के रंग में रंग गया। कमानी गेट स्थित न्यू बैतूल स्कूल ग्राउंड में शिवम् सेवा समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय विशाल भंडारे का शुभारंभ शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार और महाआरती के साथ हुआ। दोपहर 12 बजे भोलेनाथ की महाआरती के पश्चात जैसे ही प्रसादी वितरण प्रारंभ हुआ, पूरा परिसर “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा।पहले ही दिन हजारों श्रद्धालु प्रसादी ग्रहण करने पहुंचे। आयोजन 14, 15 और 16 फरवरी तक निरंतर चलेगा। समिति के सुनील शर्मा और रक्कू शर्मा ने बताया कि प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी सेवा भाव को सर्वोपरि रखते हुए श्रद्धालुओं के लिए पूड़ी, रोटी, दाल, चावल सहित स्वादिष्ट और सात्विक प्रसादी की व्यवस्था की गई है। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए बैठकर भोजन करने की सुव्यवस्थित व्यवस्था की गई है।
विशेष रूप से भोपाली छोटा महादेव के दर्शन के लिए आने-जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए यह भंडारा राहत और सेवा का केंद्र बना हुआ है। मेले में पहुंचने और लौटने वाले हजारों भक्त यहां प्रसादी ग्रहण कर अपने आप को धन्य महसूस कर रहे हैं। आयोजन स्थल पर सैकड़ों सेवक अनुशासन और समर्पण के साथ सेवा में जुटे हैं, जिनकी तत्परता हर किसी का मन मोह रही है।

जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
भंडारे में अनेक जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और केंद्रीय राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, आमला विधायक डॉ योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, नपा अध्यक्ष पार्वती बाई बारस्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधि पहुंचे। सभी ने भंडारे में पहुंचकर प्रसादी ग्रहण की और शिवम् सेवा समिति के सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वर्षों से निरंतर चल रहा यह आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और मानव सेवा की भावना को सशक्त करता है।
रक्तदान शिविर: सेवा का जीवंत उदाहरण
भंडारे के साथ-साथ आयोजित रक्तदान शिविर ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया। दोपहर तक 40 यूनिट से अधिक रक्तदान हो चुका था और शाम तक 50 से 60 यूनिट तक रक्त संग्रहित होने की संभावना जताई गई। बड़ी संख्या में युवाओं और श्रद्धालुओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता का परिचय दिया। एकत्रित रक्त को जिला चिकित्सालय में जांच उपरांत जरूरतमंद मरीजों को उपलब्ध कराया जाएगा।
सेवा और समर्पण का प्रेरक आयोजन
वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह विशाल भंडारा केवल भोजन वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और सेवा भावना को जीवंत रखने का एक सशक्त माध्यम है। महाशिवरात्रि के इस पावन पर्व पर बैतूल में साकार हुआ यह आयोजन सचमुच आस्था, समर्पण और मानवता का अनुपम उदाहरण बन गया है। शिवम् सेवा समिति का यह प्रयास न केवल सराहनीय है, बल्कि समाज के लिए प्रेरणादायी भी है—जहां भक्ति के साथ सेवा को सर्वोच्च स्थान दिया गया है।



