Betul News : 18 केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से हुई संयुक्त प्रवेश परीक्षा, 3989 छात्र हुए शामिल
Betul News: Joint Entrance Examination conducted peacefully at 18 centres, 3989 students appeared
Betul News : बैतूल में सत्र 2026–27 के लिए जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय मॉडल स्कूल एवं श्रमोदय विद्यालयों में प्रवेश के लिए आयोजित संयुक्त प्रवेश परीक्षा रविवार को जिले के 18 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई।परीक्षा के लिए 4296 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 3989 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 307 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के दौरान सभी केंद्रों पर सुरक्षा और अनुशासन के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
परीक्षा की निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं गोपनीयता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला शिक्षा अधिकारी बैतूल श्री भूपेन्द्र वरकड़े ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं, दिशा-निर्देशों के पालन एवं अनुशासन की स्थिति का जायजा लिया। जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन पर संबंधित केंद्राध्यक्षों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा किए गए समन्वित प्रयासों की प्रशंसा की गई।



