Betul News : एक भारत श्रेष्ठ भारत: बैतूल के दो विद्यार्थी नागालैंड की यात्रा के लिए रवाना

Betul News: Ek Bharat Shreshtha Bharat: Two students from Betul leave for a trip to Nagaland

Betul News :   शिक्षा विभाग द्वारा एक भारत श्रेष्ठ भारत के अंतर्गत जिले के दो प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को नागालैंड राज्य के शैक्षणिक, सांस्कृतिक भ्रमण के लिए चयनित किया गया। शनिवार को मार्गदर्शिका शिक्षिका श्रीमती ललिता चंदेल के नेतृत्व में दोनों विद्यार्थी बैतूल से नागालैंड के लिए रवाना हुए।

      विभागीय योजना अधिकारी श्री सुबोध शर्मा द्वारा बताया कि विभिन्न प्रांतो एवं क्षेत्रों की विविधता भरी सभ्यता, संस्कृतियों से बच्चों को परिचित कराए जाने एवं अनेकता में एकता की समृद्ध अपनी संस्कृतियों पर गर्व करने के उद्देश्य से अन्य राज्यों एवं क्षेत्रों के रहन-सहन, खान-पान, वेशभूषा, सांस्कृतिक, साहित्यिक गतिविधियों से परिचित होने के उद्देश्य से देश के विभिन्न राज्यों को अन्य राज्यों से जोड़ा गया है। मध्य प्रदेश को नागालैंड एवं मिजोरम से जोड़ा गया है। इन राज्यों के बच्चों द्वारा एक दूसरे की संस्कृतियों को समझने और आदान-प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।

      उन्होंने बताया कि सांदीपनी विद्यालय घोड़ाडोंगरी के प्राचार्य श्री विवेक तिवारी के कुशल मार्गदर्शन में विभिन्न विद्यालयों के बच्चों द्वारा “एक भारत श्रेष्ठ भारत” गतिविधि के तहत किए गए प्रदर्शन के फल स्वरुप सांदीपनी शाला घोड़ाडोंगरी की कला संकाय कक्षा 11वीं की छात्रा कु.प्रतिज्ञा पुत्री श्री श्रवण उईके एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक श्री उमेश शर्मा के मार्गदर्शन में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भडूस के कक्षा 11वीं विज्ञान संकाय के छात्र श्री गोपाल पुत्र श्री पुष्प कुमार डिगरसे ने चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। प्रदेश स्तर से दोनों विद्यार्थियों का चयन नागालैंड राज्य के भ्रमण के लिए किया गया है। इसके अंतर्गत इन छात्र-छात्राओं को लेकर सांदीपनी शाला घोड़ाडोंगरी से मार्गदर्शी शिक्षिका श्रीमती ललिता चंदेल के साथ छ: दिवसीय दौरे पर इन बच्चों को नागालैंड के लिए रवाना किया गया।

       कार्यक्रम के तहत यह छात्र-छात्राएं भोपाल से दिल्ली तक वंदे भारत ट्रेन से एवं दिल्ली से नागालैंड की यात्रा वायुयान से तय करेंगे। 28 नवंबर को इन बच्चों की वापसी होगी। रेलवे स्टेशन पर विभागीय योजना अधिकारी श्री सुबोध शर्मा, जिला आईटी समन्वयक श्री विनोद पडलक, शिक्षक श्री उमेश शर्मा, पालक श्री पुष्प कुमार डिगरसे, श्री वीरेंद्र पाटिल इत्यादि द्वारा यात्रा की शुभकामनाएं दी गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button