Rajasthan Phalodi Bus Accident : राजस्थान में भीषण सड़क हादसा, कार्तिक स्नान से लौट रही श्रद्धालुओं की बस ट्रेलर से टकराई, 15 की मौत
Rajasthan Phalodi Bus Accident: Horrific road accident in Rajasthan, bus carrying devotees returning from Kartik Snan collides with trailer, 15 killed
Rajasthan Phalodi Bus Accident : राजस्थान के फलोदी जिले में रविवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। हादसा मतोड़ा थाना क्षेत्र के भारतमाला हाईवे पर हनुमान सागर के पास हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े ट्रेलर में मिनी टूरिस्ट बस जा टकराई। बस में सवार सभी यात्री जोधपुर के सूरसागर इलाके के रहने वाले थे।
थानाधिकारी अमानाराम के अनुसार मृतकों में 10 महिलाएं, 4 बच्चे और बस चालक शामिल हैं, जबकि दो महिलाएं गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को पहले ओसियां अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें ग्रीन कॉरिडोर के जरिये जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल रेफर किया गया।
बताया गया कि सभी श्रद्धालु देवउठनी ग्यारस के अवसर पर बीकानेर जिले के कोलायत स्थित कपिल मुनि आश्रम में कार्तिक स्नान कर लौट रहे थे। तभी हनुमान सागर क्षेत्र में बस तेज रफ्तार में चलते हुए ट्रेलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे की जानकारी मिलते ही संभागीय आयुक्त प्रतिभा सिंह और पुलिस अधीक्षक कुन्दन कांवरिया मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू करवाया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



