MP News : मध्य प्रदेश में नई पहल , अधिकारी और कर्मचारियों को लग्जरी गाड़ी से नही अब साइकिल से पहुचना होगा ऑफिस
MP News : New initiative in Madhya Pradesh, now you will have to reach office by bicycle instead of luxury car
MP News : मध्य प्रदेश के रीवा संभाग में एक अनोखी पहल की शुरुआत की गई है। अब हर मंगलवार को संभाग के सभी सरकारी अधिकारी और कर्मचारी साइकिल से दफ्तर जाएंगे। इस निर्णय का उद्देश्य ईंधन की बचत, पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य को बढ़ावा देना है।
इस पहल की शुरुआत खुद संभाग आयुक्त बीएस जामोद ने की। उन्होंने मंगलवार को साइकिल चलाकर दफ्तर पहुंचकर ‘साइकिल डे’ का शुभारंभ किया। उन्होंने सभी कलेक्टरों और विभाग प्रमुखों को पत्र लिखकर इस अभियान में भाग लेने और उसे सफल बनाने की अपील की है।
कमिश्नर बीएस जामोद ने कहा कि बढ़ती ईंधन की कीमतें, पर्यावरण प्रदूषण और लोगों के स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याएं वर्तमान समय की बड़ी चुनौतियाँ हैं। ऐसे में सप्ताह में एक दिन साइकिल या पैदल यात्रा अपनाना जरूरी है। अधिकारी चाहें तो रिक्शा का भी उपयोग कर सकते हैं, लेकिन मंगलवार को बाइक या कार से दफ्तर आना प्रतिबंधित रहेगा।
हालांकि पहले ही दिन कुछ कर्मचारी नियम का पालन करते हुए साइकिल से दफ्तर पहुंचे, वहीं कई अधिकारी अब भी अपने निजी वाहनों से ही ऑफिस आए। आने वाले दिनों में इस नियम के कड़ाई से पालन की संभावना जताई जा रही है। यह पहल राज्य में पर्यावरणीय जागरूकता और स्वस्थ जीवनशैली की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


