Betul Traffic Jam: कॉलेज चौक पर एक घंटे तक लगा रहा महाजाम, तीन एंबुलेंस गाड़ियां जाम में फंसी
Betul Traffic Jam: There was a huge traffic jam at College Chowk for one hour, three ambulances got stuck in the jam

Betul Traffic Jam: बैतूल शहर में आए दिनों जाम की स्थिति बनी रहती है। यातायात पुलिस द्वारा ट्राफिक व्यवस्था पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया जा रहा। सोमवार को दोपहर 12.30 बजे कॉलेज चौक (परशुराम चौक) पर लंबा जाम लग गया। इस जाम में 3 एंबुलेंस गाड़ियां फंस गई थीं। कड़ी मशक्कत के बाद एंबुलेंस गाड़ियों को जाम से बाहर निकाला। चौहारे की चारों तरफ से आने वाली सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई। मौके से ट्राफिक पुलिस नदारत रहीं। ड्यूटी से घर लौट रहे कुछ पुलिसकर्मियों ने मोर्चा संभालते हुए जाम को सुचारू किया।

सोमवार दोपहर को कॉलेज चौक पर महाजाम लग गया। कॉलेज चौक से लेकर आकाशवाणी और इधर कॉलेज चौक से एलआईसी तक, कॉलेज चौक से एसपी कार्यालय तक, कॉलेज चौक से कालापाठा मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गई थीं। सैकड़ों वाहन जाम में फसे रहे। ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रहे कुछ पुलिसकर्मियों को लंबा जाम लगा दिखाई दिया। उन्होंने फौरन मोर्चा संभाल और जाम को सुचारू करने में लग गए। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल हुआ। खासबात यह है कि यहां कोई भी ट्राफिक कर्मी यातायात सुचारू करने के लिए नहीं पहुंचे। इसी से अंदाजा लगाया जा सकता है कि ट्राफिक पुलिस यातायात को लेकर गंभीर नहीं है।
जाम में फसी तीन एंबुलेंस गाड़ियां

कॉलेज चौक पर एक घंटे तक लगे जाम में तीन-तीन एंबुलेंस गाड़ियां फस गई थीं। पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस गाड़ियों का जाम से निकालने के लिए काफी प्रयास किए, फिर भी काफी देर तक एंबुलेंस जाम में फसी रही। एक एंबुलेंस को जाम से निकाला तब तक कुछ ही देर में दूसरी एंबुलेंस आ गई। दूसरी एंबुलेंस जाम से निकाला भी नहीं कि तीसरी एंबुलेंस भी जाम में फस गई। यह एंबुलेंस गाड़ियां पेशेंट को लाने के लिए कॉल पर जा रहा थीं। गनीमत यह रही कि गाड़ियों में कोई गंभीर मरीज नहीं था। जाम में फसने के कारण एंबुलेंस गाड़ियों को कॉल पाईंट पर जाने के लिए काफी देरी हो गई।



