Betul Weather Today: भारी बारिश के सतपुड़ा जलाशय के खोले गेट, बाढ़ से चोपना क्षेत्र के 32 गांवों का सड़क संपर्क टूटा, साढ़े 3 घंटे तक भोपाल मार्ग रहा बंद

Betul Weather Today: Gates of Satpura reservoir opened due to heavy rains, road connectivity of 32 villages of Chopna area was disrupted due to floods, Bhopal road remained closed for 3 and a half hours

Betul Weather Today: बैतूल शनिवार रात को जिले के कई क्षेत्रों में झमाझम बारिश होने से नदी नाले उफान पर आ गए है। बाढ़ के कारण बैतूल से राजधानी भोपाल का कई घंटो तक सड़क संपर्क टूटा रहा। शाहपुर के पास नेशनल हाईवे पर नदियों के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। जिले के घोड़ाडोंगरी में 6 और सारनी में रिकार्ड 9 इंच बारिश दर्ज की है। भारी बारिश के कारण सारनी और घोड़ाडोंगरी पानी-पानी हो गया है। भारी बारिश से जनजीवन भी प्रभावित हुआ है। बारिश के कारण सारनी सतपुड़ा जलाशय के 11 गेट खोल दिए गए। गेट खोलकर जलाशय के पानी लेबल को मेंटेन रखा जा रहा है। गेट खोलने से सारनी क्षेत्र के कई गांवों में प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। निचले क्षेत्र में बसे कई गांवों का सड़क संपर्क टूटा हुआ है। 
बाढ़ से 32 गावों का सड़क संपर्क टूटा
सारनी क्षेत्र में शनिवार की रात को भारी बारिश होने के कारण सतपुड़ा जलाशय के 11 गेट 10-10 फीट खोले गए। शनिवार सुबह 8 बजे तक सारनी क्षेत्र में तेज बारिश होते रही। बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्र की कई नदियों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ को देखते हुए प्रशासन ने 32 गांवों में एहतियात के तौर पर अलर्ट जारी किया है। सतपुड़ा जलाशय प्रबंधन ने बताया कि अधिक बारिश होने के कारण जलाशय के 11 गेट 10-10 फीट तक के खोलने पड़े। गेट खुलने से तवा समेत निचली नदियों में बाढ़ आ गई है। बाढ़ के कारण पुर्नवास क्षेत्र चोपना के 32 गांवों का सड़क संपर्क टूट गया है। जलाशय से 11 गेट खोलकर 70 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। सुबह 9 बजे जलाशय का जल स्तर कम होने पर खोले गए गेट की संख्या 7 कर दी गई। समाचार लिखे जाने तक सतपुड़ा डेम से तवा नदी में 7 गेट के माध्यम से 496850 क्यूसेक प्रति सेकेण्ड के हिसाब से पानी छोड़ा जा रहा है। अब सारनी क्षेत्र में सामान्य वर्षा 1500 मिमी पर पहुंच गई है।  
लाल नदी में आई बाढ़ से हाईवे पर लगा जाम
जिले के शाहपुर क्षेत्र में लाल नदी पर बने पुलिया के ऊपर से बाढ़ का पानी बहने के कारण हाईवे पर जाम लग गया। शनिवार सुबह साढ़े पांच बजे से जाम लगा, जिससे सड़क हाईवे के दोनों ओर कई किलोमीटर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घंटो तक वाहन चालक बाढ़ के कारण जाम में फंसे रहे। जानकारी के मुताबिक सुबह साढ़े पांच बजे से लेकर लगभग 8.30 बजे  तक यानी साढ़े तीन घंटे तक जिले का राजधानी भोपाल से सड़क संपर्क टूटा रहा। जब बाढ़ का पानी कम हुआ, वैसे ही यातायात सुचारू हो सका और वाहन चालकों ने भी राहत की सांस ली। 
शाहपुर और सारनी में रिकार्ड बारिश दर्ज
शनिवार शाम से रविवार सुबह 8 बजे तक जिले के कई ब्लॉकों में झमाझम बारिश हुई है। सारनी में 9 और शाहपुर में रिकार्ड 6 इंच बारिश दर्ज की गई। भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार शाम से रविवार सुबह 8 बजे तक बैतूल में 37.4, घोड़ाडोंगरी 64.0, चिचोली 32.0, शाहपुर 156.0, मुलताई 26.0, प्रभातपट्न 19.5, आमला 47.0, आठनेर 14.2, भीमपुर में 35.0 मिमी बारिश दर्ज की है। इस वर्ष जिले में 13.64 इंच औसत बारिश हुई है। जबकि पिछले वर्ष 16.44 इंच बारिश हो चुकी थी। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष कम बारिश हुई है। 
जिले में फिर मध्यम से भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग भोपाल ने अगले 24 घंटे के दौरान बैतूल जिले के कुछ क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग का कहना है कि गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने के साथ-साथ झोकेदार हवाएं चलने की संभावना बनी है। शनिवार रात को हुई बारिश के बाद मौसम खिल गया था। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग के मुताबिक आगामी 24 जुलाई तक कहीं तेज तो कहीं मध्यम बारिश होने की संभावना बनी है। 

Related Articles

Back to top button