Betul Crime News Today: बेरहम पिता ने 4 वर्षीय मासूम की जमीन पटककर कर दी हत्या, आरोपी फरार
Betul Crime News Today: Merciless father killed 4-year-old innocent by throwing him on the ground, accused absconding

Betul Crime News Today: बैतूल कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सावंगा में एक युवक ने पिता और पुत्र के रिश्ते को तार-तार कर दिया है। बेरहम पिता ने 4 वर्षीय मासूम बेटे को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला। इस घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई है। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता फरार हो गया है। सूचना मिलते ही कोतवाली मौके पर पहुंची और घटना स्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। आरोपी ने घटना को अंजाम किस कारण से दिया अभी कारण सामने नहीं आया है।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सावंगा में दुर्गेश लोखंडे ने अपने 4 वर्षीय बेटे कार्तिक को सोमवार की शाम को जमीन पर पटक-पटककर मार डाला। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना स्थल का जायजा लिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक प्रथम दृष्टया यह जानकारी सामने आई है कि पति-पत्नि के बीच कई दिनों से अनबन चल रही थी। विवाद के कारण पत्नि अपने मायके गई थी और 4 वर्षीय कार्तिक ग्राम सावंगा में अपने पिता के साथ रह रहा था। सोमवार की शाम को पिता-पुत्र के बीच क्या हुआ कि बेरहम पिता ने अपने ही कलेजे के टुकड़े को कई बार जमीन पर पटका और उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि मासूम के सिर में गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही मौत हो गई है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। घटना के संबंध में पुलिस ने आस पड़ोस के लोगों से भी जानकारी ली, लेकिन हत्या का कारण अभी सामने नहीं आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
हत्या की घटना से गांव में मची सनसनी
ग्राम सावंगा में पिता और पुत्र के रिश्ते को कलंकित करने का सनसनीखेज वारदात सामने आने के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। पूरे गांव में ही हत्या की घटना को लेकर चर्चा चल रही है। बच्चों को जरा सभी खरोच आने के बाद माता-पिता परेशान हो जाते है, लेकिन कलयुगी पिता ने अपने ही बेटे की सडक़ पर पटककर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने हत्या के संबंध में कई लोगों से पूछताछ की, लेकिन किसी ने भी हत्या करने का कारण नहीं बताया है। पुलिस का कहना है कि इस संबंध में मृतक बच्चे की मां से पूछताछ की जाएगी। पूछताछ करने के बाद ही घटना के बारे में और जानकारी सामने आएगी। फिलहाल फरार चल रहे आरोपी पिता की पुलिस सरगर्मी से तलाश कर रही है।



