Betul Weather News: बैतूल जिले के इन ब्लाकों में हुई झमाझम बारिश, फसलों को होगा फायदा

Betul Weather News: Heavy rain occurred in these blocks of Betul district, crops will benefit

Betul Weather News: बैतूल जिले में मानसून की झमाझम बारिश होने लगी है। बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। फसलों को भी फायदा होने लगा है। पिछले 24 घंटे में घोड़ाडोंगरी में 3 इंच और चिचोली में 2 इंच बारिश दर्ज की है। इन दो ब्लॉकों के अलावा अन्य ब्लॉकों में भी झमाझम बारिश होने के समाचार मिले है। अगले 24 घंटे के दौरान जिले में फिर बारिश होने की संभावना जताई है। जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम और रात में बैतूल जिले के कई ब्लॉकों में तेज बारिश हुई है। बारिश के कारण घोड़ाडोंगरी क्षेत्र में कई छोटे-बड़े नदी, नालों में पहली बार बाढ़ आई है। बाढ़ के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को परेशानियों का भी सामना करना पड़ा है। भू-अभिलेख कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार से गुरूवार सुबह 8 बजे तक बैतूल में 1.2, घोड़ाडोंगरी 72.2, चिचोली 50.0, शाहपुर 33.0 मुलताई 16.2, प्रभातपट्टन 4.0, आमला 12.0, आठनेर 43.3 मिमी बारिश दर्ज की है। अब तक जिले में औसत बारिश का आंकड़ा 223.8 मिमी पर पहुंच चुका है। हालांकि इस वर्ष पिछले वर्ष की अपेक्षा कम बारिश हुई है। गत वर्ष अब तक 231.5 मिमी बारिश हो चुकी थी। 
जल स्त्रोत भी होने लगे रिचार्ज
जिले में अच्छी बारिश होने के बाद जल स्त्रोत भी तेजी से रिचार्ज होने लगे है। गर्मी के दिनों में जो जल स्त्रोत सूख गए थे और जिन जलस्त्रोतों का जलस्तर बहुत नीचे चला गया था। ऐसे जल स्त्रोत अब रिचार्ज होने लगे है। जल स्त्रोतों के अलावा जलाशय और कुंओं में भी अब पानी भरने लगा है। इसी तरह झमाझम बारिश होते रही तो जल्द ही जिले में बारिश का कोटा पूरा हो जाएगा और जल स्त्रोतों में भी पर्याप्त पानी आएगा। पिछले वर्ष अच्छी बारिश होने से जलाशय भी लबालब हो गए थे। इस वर्ष भी अच्छी बारिश होने और जलाशय में पर्याप्त पानी आने की संभावना है। 

Related Articles

Back to top button