Betul Shiv Mandir Chori News: त्रिलोकनाथ शिव मंदिर से दो दानपेटियां चोरी, घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद
Betul Shiv Mandir Chori News: Two donation boxes stolen from Triloknath Shiva temple, incident captured on CCTV camera
Betul Shiv Mandir Chori News: बैतूल शहर के व्यस्ततम कॉलेज चौक स्थित त्रिलोकनाथ शिव मंदिर में अज्ञात चोरों ने दो दानपेटियां चोरी कर ली। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। चोरी की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। सीसीटीवी फूटेज के आधार पर पुलिस अज्ञात चोर की तलाश कर रही है। कॉलेज चौक स्थित प्रसिद्ध त्रिलोकनाथ शिव मंदिर में मंगलवार की रात को अज्ञात चोर ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर मंदिर में रखी दो दानपेटियां चोरी कर ली। चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फूटेज में एक व्यक्ति मंदिर में आते हुए दिखाई दे रहा है और वह मुख्य द्वारा के गेट के पास आकर बैठ जाता है और वह ताला तोड़ने लगता है। ताला तोड़ने के बाद मंदिर में रखी दोनों दान पेटियां लेकर चला जाता है। जब सुबह मंदिर समिति और अन्य लोग पूजा अर्चना के लिए पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा देखकर सबसे होश उड़ गए। जब मंदिर के भीतर जाकर देखा तो छोटी और बड़ी दानपेटियां गायब थी। चोर ने त्रिशुल से तोड़े मंदिर के ताले
चोर मंदिर के ताले तोड़ने के लिए त्रिशुल का इस्तेमाल किया है। मंदिर समिति के सदस्यों के मुताबिक चोर ने ताला तोड़ने के लिए त्रिशुल सागौन दरबार के शिव मंदिर से लाया है। जब कुछ लोगों ने देखा तो बताया कि त्रिलोक शिव मंदिर के सामने पड़ा त्रिशुल सागौन दरबार के शिव मंदिर का है। चोर ने सागौन दरबार से त्रिशुल लाकर त्रिलोकनाथ शिव मंदिर का ताला तोड़ा और दानपेटियां चोरी कर ली। मंदिर समिति के सदस्य कैलाश बुंदेले, मोनू चौहान ने बताया कि मंदिर की कई दिनों से दानपेटियां नहीं खोली थी। कोई बड़े आयोजन होने पर भी दानपेटियों को खोला जाता है। दानपेटियों में लगभग 6 से 7 हजार रूपए होने की संभावना है।
व्यस्ततम स्थान पर भी दे दिया चोरी को अंजाम
कॉलेज चौक शिव मंदिर में व्यस्ततम स्थान पर भी चोर ने चोरी की घटना को अंजाम दे दिया है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि चोरों के हौंसले कितने बुलंद है। यहां चौक 24 घंटे लोगों की आवाजाही बनी रहती है। इसके बाद भी चोर ने आसानी से चोरी कर ली। घटना से ऐसा लग रहा है कि चोरों को पुलिस का जरा भी भय नहीं है। शहर में चोरियां थमने का नाम नहीं ले रही है। पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठने लगे है। सीसीटीवी फूटेज के अनुसार अज्ञात चोर ने रात ढाई बजे से सुबह 4 बजे के बीच चोरी की घटना को अंजाम दिया है।



