Betul Crime News:जिला अस्पताल के ड्रेनेज सिस्टम के चेम्बर में मिला नवजात का शव, जांच में जुटी पुलिस
Betul Crime News: Dead body of a newborn found in the chamber of the drainage system, police engaged in investigation.
Betul Crime News: बैतूल जिला चिकित्सालय के ड्रेनेज सिस्टम चेम्बर में नवजात शिशु का शव पड़ा मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अस्पताल चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया गया। पुलिस के मुताबिक शुक्रवार सुबह सफाईकर्मी जिला अस्पताल के ड्रेनेज सिस्टम चेम्बर की सफाई कर रहा था। सफाई करते समय सफाईकर्मी को एक नवजात बच्चे का शव पानी पर तैरते मिला।
नवजात शिशु एक-दो दिन का होने की जानकारी सामने आई है। किसी अज्ञात ने शिशु को ड्रेनेज सिस्टम के चेम्बर में फेंक दिया। शिशु को जिंदा फेंका गया या फिर मौत होने के बाद शिशु को ड्रेनेज सिस्टम के चेम्बर में डाला गया। अभी इसका खुलासा नहीं हो पाया है। आशंका यह भी बताई जा रही है कि अस्पताल में किसी की मौत हुई हो और नवजात को अस्पताल परिसर के ड्रेनेज सिस्टम चेम्बर में फेंक दिया। पूरे मामले में अभी कुछ भी नहीं कहा जा सकता है। इधर अस्पताल प्रशासन का कहना है कि सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से बच्चे को फेंकने वाले की तलाश की जा रही है। अभी कोई सुराग नहीं लग पाया है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि किसी बच्चे की अस्पताल में मौत तो नहीं हुई है। संभावना है कि किसी ने बाहर से लाकर बच्चे को फेंक दिया हो। मृत शिशु का जिला चिकित्सालय में पोस्टमार्टम किया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पता चलेगा कि नवजात की मौत किस कारण से हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



