Betul Crime News: बैतूल रेलवे स्टेशन पर आत्महत्या करने टिन शेड पर चढ़ा युवक, हाई टेंशन लाइट को छूने का कर रहा था प्रयास
Betul Crime News: Youth climbed on tin shed to commit suicide at Betul railway station, was trying to touch high tension light
Betul Crime News: बैतूल रेलवे स्टेशन के प्लेट फार्म नम्बर एक पर आज सुबह एक अजीबोगरीब स्तिथि निर्मित हो गई, जब एक युवक आत्महत्या करने के उद्देश्य से प्लेटफार्म नम्बर 1 के शेड पर चढ़ गया। युवक रेलवे लाइन के ऊपर से गुजर रही हाई टेंशन लाइन को बार-बार छूकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रहा था, लेकिन देवदूत बनकर पहुंचे जीआरपी जवानों ने कड़ी मशक्कत कर युवक को समझाइश देकर नीचे उतार लिया।जानकारी के अनुसार जूनापानी निवासी राकेश धुर्वे पिता धनराज धुर्वे निजी कारणों से आत्महत्या करने के लिए रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म नंबर 1 पर बने शेड पर चढ़ गया था। इसकी सूचना मिलते ही जीआरपी चौकी प्रभारी रविश यादव, आरक्षक कुलदीप लोटे, दिलीप नरवरे मौके पर पहुंचे। चौकी प्रभारी ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे के ओएचई विभाग से संपर्क कर तुरंत ओएच डाउन मेन लाइन बन्द करवाई। आत्महत्या का प्रयास करने वालेे युवक को बातों में उलझाकर दूसरी तरफ से आरक्षकों को सिविल ड्रेस में शेड पर भेजा और युवक को नीचे उतारा।

हो सकता था बड़ा हादसा
घटना को लेकर चौकी प्रभारी रविश यादव ने बताया कि युवक कब, कहां और कैसे शेड पर चढ़ गया, इसकी भनक किसी को नहीं लगी। सूचना मिलते ही जब मौका मुआयना किया तो परिस्थिति काफी विपरीत थी। जरा सी भी लापरवाही से युवक की जान जा सकती थी, लेकिन चौकी प्रभारी ने उक्त युवक को बातों में उलझाकर रखा और आरक्षकों को शेड पर भेजा। इस दौरान युवक बार-बार हाईटेंशन लाइन को छूने की कोशिश कर रहा था। चौकी प्रभारी ने बताया कि युवक की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। लिहाजा उसके परिजनों को सूचना देकर बुलाया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस संबंध में जानकारी दी गई है, जो भी निर्देश मिलेंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।



