MP सीएम शिवराज बोले 1 लाख से ज्यादा लोगों को देंगे नौकरियां: जाने और क्या दी सौगात

मध्यप्रदेश सरकार इस साल एक लाख लोगों को नौकरी देगी। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को 74वें गणतंत्र दिवस पर की। सीएम ने जबलपुर में राष्ट्र ध्वज फहराया। राज्य स्तरीय समारोह भोपाल में हुआ। यहां राज्यपाल मंगूभाई पटेल ने ध्वजारोहण किया। विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम ने रीवा जिले में ध्वजारोहण किया। प्रदेश के 29 जिला मुख्यालयों पर मंत्री और 20 जिलों में कलेक्टर ने तिरंगा फहराया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने झंडा फहराया।

गणतंत्र दिवस पर उज्जैन में महाकाल का विशेष श्रृंगार किया गया। तड़के 4 बजे होने वाली भस्म आरती में भगवान के मस्तक पर तिरंगे से श्रृंगार किया गया। नंदी ने भी तीन रंगों के वस्त्र धारण किए। भगवान महाकाल का जल से अभिषेक कर दूध, दही, घी, शक्कर, फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन किया गया।

मुख्यमंत्री शिवराज ने जबलपुर में कहा, आज हम सभी भारतवासियों को यह दिन उन अमर शहीद बलिदानियों के सर्वस्व न्यौछावर करने से मिला, जिन्होंने मां भारती की स्वतंत्रता के लिए जीवन बलिदान कर दिया। हम सभी अमर शहीदों को नमन करते हैं। नर्मदा परिक्रमा पथ और नर्मदा कॉरिडोर का तीन चरणों में विकास किया जाएगा, जो अद्भुत होगा।

मुख्यमंत्री के भाषण की प्रमुख बातें…

  • इस साल एक लाख से अधिक सरकारी नौकरियों की भर्ती की जाएगी। मैं चाहता हूं कि सिर्फ सरकारी नौकरी नहीं, बेटे-बेटियां अपना रोजगार भी शुरू करें। हमारा संकल्प है कि गांव में रहने वाली बहनों की आय 10000 रु. महीना होनी चाहिए। बच्चों आप नौकरी मांगने वाले नहीं, देने वाले बनें, इसलिए मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना है। स्टार्टअप के लिए एक करोड़ रुपए की सहायता दी जाएगी।
  • गांवों में भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए 20 से 25 किमी के दायरे में सीएम राइज स्कूल बना रहे हैं। बेहतर इंफ्रॉस्ट्रक्चर, स्मार्ट क्लास, लैब, लाइब्रेरी और प्ले ग्राउंड यहां सब होगा। हम मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना का विस्तार कर रहे हैं। अब किसी भी कारण से अगर किसी बच्चे के माता-पिता नहीं है, तो यह सरकार की जिम्मेदारी होगी कि उन बच्चों के आवास और शिक्षा दीक्षा की व्यवस्था करे।
  • वादा करता हूं कि मध्यप्रदेश सबसे बेहतरीन सड़कों का राज्य बनेगा। मध्यप्रदेश की विकास दर 19.76 प्रतिशत है। प्रचलित दरों पर हिंदुस्तान में सबसे तेज विकास की दर हमारे प्रदेश की है। देश की अर्थव्यवस्था में कभी प्रदेश का योगदान 3.6 प्रतिशत होता था, जो बढ़कर 4.6 फीसदी हो गया है। इंदौर में हुए ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में 15.42 लाख करोड़ रुपए की निवेश की घोषणा हुई है।
  • संस्कारधानी जबलपुर में यह बताते हुए मुझे प्रसन्नता है कि एक औद्योगिक क्षेत्र जबलपुर में भी बसाया जाएगा। यहां गारमेंट्स और टेक्सटाइल की यूनिट बनेगी, रहवासी प्लॉट्स भी होंगे, यहां होटल, हॉस्पिटल और मॉल के लिए भी जगह होगी। एक ग्लोबल स्किल पार्क राजधानी भोपाल में बन रहा है। दूसरा स्किल पार्क संस्कारधानी जबलपुर में बनाया जाएगा।
  • News source-
  • https://www.bhaskar.com/local/mp/bhopal/news/governor-in-bhopal-cm-shivraj-will-hoist-the-flag-in-jabalpur-collector-will-hoist-tricolor-in-20-districts-130845358.html

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button