
बैतूल। आठनेर थाना क्षेत्र के ग्राम टेमरूनी के डेम में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने गए दो युवक पानी में डूब गए। घटना की जानकारी वहां मौजूद अन्य लोगों ने पुलिस को दी। पुलिस और गोताखोर की टीम मौके पर पहुंची और सर्चिंग अभियान चलाकर युवकों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद डेम पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ गई। आठनेर थाना प्रभारी अजय सोनी ने बताया कि ग्राम बिसनूर के कुछ लोग गुरूवार सुबह दुर्गा प्रतिमा विसर्जन करने के लिए ग्राम टेमरूनी डेम गए थे। प्रतिमा विसर्जन के लिए पानी की गहराई देखने के लिए चार युवक डेम में पहुंचे। गहरे पानी में जाने के कारण गोकुल पिता किशन मालवी और विक्की उर्फ विकास तुलसीराम धोटे निवासी बिसनूर पानी में डूब गए। अन्य दो युवक तैरते हुए बाहर आ गए। युवकों के डूबने की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस और गोताखोरों टीम के साथ मौके पर पहुंची और डेम में डूबे युवकों की तलाश शुरू कर दी। दोपहर ढाई बजे समाचार लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लग पाया था। इस घटना के बाद घटना स्थल पर टेमरूनी, बिसनूर सहित आसपास के लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए। बताया जाता है कि पानी में डूबे दोनों युवकों को तैरना नहीं आता था अन्य दो युवकों को तैरना आने पर वह बाहर निकल गए।
Back to top button