Betul Mobile Forensic Van : वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन को मिलेगी नई गति, बैतूल पुलिस को मिली अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन

Betul Mobile Forensic Van: Collection of scientific evidence to get a boost; Betul Police receive a state-of-the-art mobile forensic van.

Betul Mobile Forensic Van :  पुलिस मुख्यालय भोपाल की तकनीकी शाखा द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ जिला वैज्ञानिक अधिकारियों को आपराधिक घटनाओं के घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्य के त्वरित एवं व्यवस्थित संकलन हेतु मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में बैतूल पुलिस को आवंटित अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को आज  12 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक बैतूल वीरेन्द्र जैन द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय बैतूल से हरी झंडी दिखाकर कार्यस्थल के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बैतूल  कमलेश खरपूसे, एसडीओपी बैतूल सुश्री अन्नपूर्णा सिरसाम, एसडीओपी मुलताई श्री शिवकुमार सिंह, जिला सीन ऑफ क्राइम प्रभारी निरीक्षक आबिद अंसारी, रक्षित निरीक्षक  प्रदीप सूर्यवंशी, एमटीओ  हरि वर्मा सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी एवं एफएसएल स्टाफ उपस्थित रहा।
पुलिस अधीक्षक  वीरेन्द्र जैन ने मोबाइल फॉरेंसिक वैन के प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन की उपलब्धता से जिले में गंभीर आपराधिक घटनाओं के घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया और अधिक त्वरित एवं प्रभावी होगी। घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक साक्ष्यों का व्यवस्थित संकलन एवं प्राथमिक परीक्षण किए जाने से अपराधियों की पतासाजी एवं अपराधों के वैज्ञानिक अनुसंधान में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी तथा न्यायालयीन प्रक्रिया में भी वैज्ञानिक साक्ष्य निर्णायक साबित हो सकते हैं।
हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी एवं गंभीर अपराधों में उपयोगी
मोबाइल फॉरेंसिक वैन का उपयोग हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, बलात्कार सहित गंभीर आपराधिक प्रकरणों तथा अज्ञात मृतकों से संबंधित घटनास्थलों के निरीक्षण के दौरान किया जाएगा। जिला वैज्ञानिक अधिकारी एवं संबंधित विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल पर उपलब्ध भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों को सुरक्षित तरीके से संकलित कर आवश्यक वैज्ञानिक परीक्षण एवं दस्तावेजीकरण की प्रक्रिया को मौके पर ही अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है मोबाइल फॉरेंसिक वैन
मोबाइल फॉरेंसिक वैन में घटनास्थल के वैज्ञानिक निरीक्षण एवं साक्ष्य संकलन के लिए विभिन्न आधुनिक उपकरण एवं किट उपलब्ध हैं। इनमें प्रमुख रूप से—
• सीसीटीवी कैमरा एवं निगरानी संबंधी उपकरण
• लैपटॉप एवं प्रिंटर
• डीएसएलआर कैमरा
• विभिन्न प्रकार की इन्वेस्टिगेशन किट
• डीएनए परीक्षण एवं सैंपल कलेक्शन किट
• फिंगरप्रिंट किट
• सैंपल कलेक्शन एवं पैकेजिंग सामग्री
• नारकोटिक्स डिटेक्शन किट
• घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन हेतु आवश्यक अन्य उपकरण एवं सामग्री
उपलब्ध संसाधनों के माध्यम से घटनास्थल की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, फिंगरप्रिंट सहित विभिन्न प्रकार के वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन, नमूनों का सुरक्षित संग्रहण तथा आवश्यक प्राथमिक वैज्ञानिक परीक्षण की कार्यवाही अधिक व्यवस्थित तरीके से की जा सकेगी।
वैज्ञानिक अनुसंधान को मिलेगा मजबूत आधार
मोबाइल फॉरेंसिक वैन की सहायता से घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्यों के संकलन में होने वाले विलंब को कम किया जा सकेगा। साथ ही साक्ष्यों के वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण एवं दस्तावेजीकरण से विवेचना की गुणवत्ता में सुधार होगा। इससे गंभीर एवं जघन्य अपराधों की विवेचना में वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करते हुए अपराधियों तक पहुंचने में पुलिस को महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।
 पुलिस अधीक्षक बैतूल द्वारा अवगत कराया गया कि बैतूल पुलिस द्वारा अपराध अनुसंधान में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के अधिकाधिक उपयोग की दिशा में मोबाइल फॉरेंसिक वैन को महत्वपूर्ण संसाधन के रूप में उपयोग किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button